BIHAR-SAMASTIPUR- सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के समस्तीपुर महाविद्यालय शाखा के स्थानांतरण के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रतिरोध मार्च निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। मार्च जितवारपुर चांदनी चौक से निकलकर समस्तीपुर महाविद्यालय समस्तीपुर आकर समाप्त हुआ।
इसके उपरांत आइसा कालेज इकाई के अध्यक्ष मनीषा कुमारी की अध्यक्षता में एक प्रतिरोध सभा का आयोजन हुआ। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समस्तीपुर कालेज समस्तीपुर परिसर में स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की शाखा के स्थानांतरण का विरोध किया। साथ ही इससे छात्र-छात्राओं को होने वाली समस्या पर विस्तार से चर्चा की।
जिला सचिव सुनील कुमार ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में करीब एक दशक पूर्व से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा स्थापित है। इससे छात्र-छात्राओं को नामांकन, परीक्षा फॉर्म, पंजीयन, सीएलसी व अन्य प्रमाण पत्र में चालान का रुपये जमा करने में सुविधा मिलती है। इस बैंक की शाखा में कॉलेज के कर्मचारी, शिक्षक व सैकड़ों ग्रामीणों का भी खाता खुला है।
उन्होंने कहा कि स्थानांतरण पर रोक नहीं लगाया गया तो छात्रों एवं ग्रामीणों को गोलबंद कर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। सभा का संचालन गंगा प्रसाद पासवान ने की। मौके पर जिला अध्यक्ष लोकेश राज, कार्यालय सचिव राजू कुमार झा, जिला उपाध्यक्ष ललित कुमार साहनी, काजल कुमारी, अभिषेक कुमार, रवि कुमार , प्रवीण कुमार, मनीष कुमार यादव, मनीष राय, विवेक कुमार, मो. चांद, सौरभ, राहुल कुमार, दीपक कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।