SAHARSA : जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरघट ओपी क्षेत्र के कहरा-धबौली मार्ग पर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले अपराधी गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी शुक्रवार की देर रात की गई। शनिवार को जिले के एसपी राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर कांड का उद्भेदन किया। उन्होंने बताया कि बीते 8 दिसंबर की देर रात 1:30 बजे पतरघट ओपी क्षेत्र अंतर्गत का कहरा-धबौली मार्ग पर अशोका पुला के निकट अज्ञात अपराधियों द्वारा मधेपुरा जा रहे सवारी से भरी टेंपो को रोककर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।
जिसको लेकर धबौली गांव निवासी मनोज कुमार सिंह द्वारा दिए गए शिकायत पत्र पर मामला दर्ज किया गया था। पतरघट ओपी कांड संख्या 461/20 में त्वरित कार्रवाई के लिए सदर एसडीपीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में पतरघट ओपी अध्यक्ष अजीत कुमार एवं आईटी सेल प्रभारी को घटना के उद्भेदन के लिए टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा त्वरित करवाई से पामा निवासी राम रतन कुमार की गिरफ्तारी हुई।
जिनके निशानदेही पर तीन अन्य अपराधी पामा गांव निवासी रितेश कुमार उर्फ राजा, रहुआ गांव निवासी दिलखुश कुमार एवं रहुआ गांव निवासी मनीष कुमार की गिरफ्तारी सुनिश्चित हुई। अपराधियों के पास से 7.65 एमएम की पिस्टल एवं उनकी एक मैगजीन के साथ एक जिंदा कारतूस बरामद की गई। वहीं एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो छीनी गई मोबाइल, एक लेडीज पर्स एवं अपराधियों के दो मोबाइल को जब्त की गई है।
गिरफ्तार अपराधियों ने बीते दिनों हुई कई छोटी-बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने में अपनी संलिप्तता भी स्वीकारी है। फिलहाल उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी हासिल की जा रही है। मौके पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार, पतरघट ओपीध्यक्ष अजित कुमार सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहे।
रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा