2020/12/01

बिहार:पति की गला रेतकर हत्या, अवैध संबंध का विरोध करने पर पति के जान ले ली

BIHAR-KHAGARIA-खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित पनसलवा गांव में शनिवार की रात पत्नी कंचन देवी (27 वर्ष) ने अवैध संबंध का विरोध करने पर अपने पति ज्ञानी शर्मा (45 वर्ष) की दबिया से गला रेतकर हत्या कर दी, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। यहीं नहीं घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारिन पत्नी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए 30 घंटे तक शव को घर में छिपाकर रखा।

शव से बदबू आने के बाद पत्नी ने सोमवार की सुबह थाना पहुंच पुलिस को गुमराह करते हुए अपने पति की हत्या हो जाने की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो महिला ने अपना जुर्म कबूल करते हुए घटना की पूरी बात बताई। जिसके बाद बेलदौर पुलिस ने कंचन देवी को गिरफ्तार कर लिया।

पति की हत्या के बाद कंचन देवी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए घर में गड्‌ढ़ा खोद रही थी, लेकिन मृतक का शरीर भारी होने के कारण उसमें सफल नहीं हो पाई। जिसके बाद उसने घर में रखे अनाज से भरे ड्रम को खाली कर उसमें शव रखने की योजना बनाई।

लेकिन ड्रम को काटने में असफल होने पर शव को ठिकाने नहीं लगा पाई। इस दौरान करीब 30 घंटे तक घर में शव पड़ा रहा। शव से बदबू उठने से कंचन देवी ने अपनी योजना बदल दी और थाना पहुंच अज्ञात लोगों के द्वारा पति की हत्या कर दिए जाने की बात कह दी।
पहले पति ने ही पत्नी को हत्या करने की दी थी धमकी

घटना के बाद बेलदौर पुलिस ने मृतक के घर से कंबल में लपेटे हुए शव को बरामद कर पड़ताल शुरू किया है। घटना को लेकर लोगों ने बताया कि कि महिला कंचन देवी मृतक ज्ञानी शर्मा की चौथी पत्नी है। जिसका गांव के ही एक युवक से अवैध संबंध चल रहा है। महिला का पति अक्सर पत्नी के अवैध संबंध का विरोध किया करता था। जिसको लेकर दोनों में अक्सर मारपीट और झगड़ा हुआ करता था।

गुरुवार को पति-पत्नी में इसी बात को लेकर मारपीट भी हुई थी। तब गुस्से में ज्ञानी शर्मा ने पत्नी को नशे की गोली खिलाकर दबिया से गला काट देने की धमकी दी थी। जिसके बाद पत्नी कंचन देवी ने ही अपनी पति की हत्या की साजिश रच डाली और गत शनिवार की रात पति को दूध में नशे की गोली देकर पहले सुला दिया, उसके बाद दबिया से गला रेतकर हत्या कर दी।

मगर इस घटना के जानकारी आस परोस के किसी लोगों को नहीं हो पाई। मामले में बेलदौर थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि हत्यारािपत पत्नी को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम करवा गया है। घटना के बाद गांव में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


विधवा भाभी से भी ज्ञानी ने की थी शादी
बेलदौर के पनसलवा गांव निवासी ज्ञानी शर्मा की चौथी पत्नी कंचन देवी पति की हत्यारिन बन गई। ज्ञानी शर्मा को चौथी पत्नी से दो बच्चे हैं। जबकि इससे पूर्व मृतक तीन-तीन शादियां कर चुका था। अपने भाई की मौत के बाद 15 वर्ष पूर्व अपनी विधवा भाभी से पहली शादी की थी। पहली पत्नी से ज्ञानी शर्मा को चार बच्चे हैं।

जबकि पहली पत्नी की मौत के बाद उसने दूसरी शादी की तथा तीसरी शादी अपने दूसरी पत्नी की छोटी बहन से की थी। मगर पारिवारिक विवाद के बाद दूसरे और तीसरे पत्नी को छोड़ दिया। जिसके बाद उसने करीब 8 वर्ष पूर्व कंचन देवी से चौथी शादी की थी। लेकिन चौथी पत्नी का गांव में ही किसी युवक से अवैध संबंध हो गया, जो ज्ञानी के मौत का कारण बन गया। इस घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई हैं।