DARBHANGA : केवटी थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव और मधुबनी के औंसी ओपी के प्रभारी अध्यक्ष कुणाल कुमार के नेतृत्व में बुधवार की रात पुलिस टीम ने छापेमारी कर अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। उसके पास से चार बाइक, मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड, मास्टर चाबी एवं कैंची बरामद हुई।
सिटी एसपी अशोक कुमार प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि केवटी थाना क्षेत्र के खिरमा से बीते दो दिनों पूर्व हुई बाइक चोरी की घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। फिर एक टीम बनाकर छापेमारी कराई गई।
इस दौरान मधुबनी जिला बिस्फी थाना क्षेत्र के खैरी बांका गांव के मो. सलाउद्दीन के पुत्र मो. अशफाक, कैफ अहमद के पुत्र मो. चांद, मो. शाकिर के पुत्र मो. मेराज, मो. नौशाद के पुत्र मो. फैजान और नियाज अहमद के पुत्र मो. साहिल को गिरफ्तार किया गया। इन बदमाशों से पूछताछ की गई।
खैरी बांका के ही चांद उर्फ इरफान मुख्य सरगना
सिटी एसपी ने बताया कि खैरी बांका निवासी हाजी हसनैन के पुत्र मो. चांद उर्फ इरफान मुख्य सरगना है, जो फरार है। पकड़े बदमाशों ने दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना, बिस्फी के औंसी ओपी सहित केवटी थाना में आधा दर्जन से अधिक बाइक चोरी के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। चांद पर दिल्ली में भी कई केस है।