PATNA : बिहार सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया. करीब 9 माह बाद राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान नये साल में चार जनवरी से चरणबद्ध खोले जायेंगे. सभी स्कूलों में पहले चरण में नौंवी से 12वीं तक की कक्षाएं और कॉलेजों में फाइनल इयर की कक्षाएं खोली जायेंगी. साथ ही सभी कोचिंग संस्थान भी खोले जायेंगे. क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक के बाद ये फैसला लिया गया है.
क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि राज्य में चार जनवरी से खुलने वाले स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों की हर सप्ताह समीक्षा की जायेगी. पहली समीक्षा 11 जनवरी को की जायेगी कि राज्य के स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान किस प्रकार संचालित किये जा रहे हैं.
कोचिंग संस्थान अपना प्लान डीएम को सौंपे
मुख्य सचिव ने बताया कि कोचिंग संस्थानों को भी चार जनवरी से खोलने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने बताया कि जितने भी हॉस्टल हैं, वे कोचिंग संस्थानों से जुड़े हुए हैं. ऐसे में कोचिंग संस्थानों के खुलने के साथ ही हॉस्टल भी खुल जायेंगे. यह जिम्मेदारी कोचिंग संस्थानों के प्रबंधन को दिया गया है कि वह कोचिंग संस्थान किस प्रकार से खोलना चाहते हैं. इसका विस्तृत रिपोर्ट वे संबंधित जिले के डीएम को सौंप दें.