SAMASTIPUR : वारिसनगर थाना क्षेत्र के सतमलपुर चौक के समीप रविवार की रात्रि उत्पाद विभाग पटना की टीम द्वारा मिली गुप्त सूचना के आधार पर वारिसनगर पुलिस ने 351 कार्टन शराब लदे ट्रक को जब्त करते हुए चालक और एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि सूचना पर अनि विकास कुमार, आलोक और विधि व्यवस्था प्रभारी नागेश्वर प्रसाद को पुलिस बल के साथ सतमलपुर चौक पर लगाया गया था। इस दौरान समस्तीपुर की ओर से आ रहे ट्रक को रोका गया तो चालक भागने का प्रयास किया। परंतु, पुलिस बल द्वारा चालक सहित गाड़ी पर सवार दो लोगों को पकड़कर थाने लाया गया।
जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें से भूसे की बोरी और शराब का कार्टन बरामद किया गया। गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान हरियाणा राज्य के भिवानी जिला सह थाना क्षेत्र के दिनोद गांव निवासी अत्तर सिंह के पुत्र वीरेंद्र सिंह और वारिसनगर थाना क्षेत्र के पुरनाही गांव के वार्ड संख्या 2 निवासी किशुन चंद महतो के पुत्र मंजय कुमार के रूप में की गई है। ट्रक से 351 कार्टन में कुल 31 सौ लीटर शराब बरामद की गई है।