BIHAR : भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र की यह घटना रविवार शाम की है। इलाके के बाबा बिसुराउत पहुंच पथ के आरओबी पर बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक खरीक थाना क्षेत्र के दादपुर निवासी छोटू कुमार यादव है। वारदात के वक़्त छोटू यादव अपने बाइक से घरेलू समान खरीदने के लिए नवगछिया बाजार आ रहा था।
घटना के बाद घायल को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार के अनुसार घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह छिनतई या पुरानी रंजिश हो सकती है। अभी अपराधियों की पहचान भी नहीं हो सकी है। फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
छपरा के नगरा में हुई दूसरी वारदात
नगरा ओपी थाना क्षेत्र में बाइक सवार एक शख्स को दो बाइक पर आये 5 बदमाशों ने गोली मार दी। यह वारदात छपरा-मशरख मुख्य पथ पर स्थित कादीपुर पवन मैरेज हॉल के पास हुई। घायल व्यक्ति बनियापुर थाना क्षेत्र के चेतन छपरा गांव निवासी नरेंद्र कुमार सिंह (44 वर्ष) हैं। वे चेतन छपरा में ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। रविवार की शाम अपना काम ख़त्म कर छपरा जा रहे थे, इसी बीच बदमाशों ने पहले उनकी बाइक को ओवरटेक किया, फिर गोली मार कर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल नरेंद्र सिंह को स्थानीय लोगों ने पहले पीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनके पेट में लगी गोली को निकाला गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बारे में स्थानीय थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि घायल शख्स का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।