SAMASTIPUR : विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ बाजार से 16 महीने पहले अपहृत युवती के मामले में एसपी विकास बर्मन ने सोमवार की शाम मऊ बाजार पहुंचकर अपहरण की घटना में अब तक हुई पुलिसिया कार्रवाई की अद्यतन जानकारी ली।
बताते चलें कि मऊ बाजार से 16 महीने पहले अपहृत एक युवती की बरामदगी अब तक नहीं हुई है। नतीजतन जहां प्रशासन की परेशानी बढ़ गयी है, वहीं दूसरी ओर अपहृता के स्वजन भी चितित हैं। बताया जाता है कि शादी की नीयत से अपने पड़ोसी द्वारा अपहरण किए जाने की शिकायत की थी।
थाने में कांड संख्या 93/19 के तहत मामला दर्ज होने के बाद सक्रियता में आई पुलिस ने विभिन्न जगहों पर छापेमारी की। बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली रहे। इधर, इस मामले का नामजद अभियुक्त मऊ बाजार निवासी परम राय का पुत्र रणजीत राय लगातार बढ़ रहे पुलिसिया दबिश के बाद उच्च न्यायालय से जमानत पर रिहा हो गया है।
वहीं दूसरे आरोपित सिहमा गांव निवासी बतहू राय के पुत्र विकास कुमार पुलिस की जद से बाहर है। इसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
कांड के अनुसंधानकर्ता अरविद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता के मद्देनजर आरोपित की गिरफ्तारी और अपहृता की बरामदगी को लेकर लगातार संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है। शीघ्र ही परिणाम सामने होंगे।
Input-dainik jagran