2020/12/29

पत्नी गिरफ्तार प्रेमी के साथ मिलकर 15 माह पहले की थी हत्या, घटना के समय उसकी पत्नी भी माैजूद थी

RANCHI : कांके थाना क्षेत्र स्थित बाड़ू गांव के नजदीक हुई कार्तिक केसरी की हत्या के आरोप में पुलिस ने साेमवार काे उसकी पत्नी प्रीति केसरी काे गिरफ्तार कर लिया। प्रीति को कर्रा स्थित मायके से गिरफ्तार किया गया है। कार्तिक केसरी की हत्या 28 सितंबर 2019 की रात बाइक सवार अपराधियाें ने राॅड से मारकर कर दी थी। घटना के समय उसकी पत्नी प्रीति भी माैजूद थी। हालांकि पुलिस को पूछताछ में प्रीति ने बताया था कि दुर्गा पूजा की खरीदारी करने के बाद उसके पति कार से पिठाेरिया स्थित अपने घर जा रहे थे।

बाड़ू गांव के समीप सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर शाैच के लिए उतरे थे। शाैच के दाैरान ही बाइक सवार दाे अपराधी पीछे से पहुंचे और पति काे राॅड से मारकर पिठाेरिया की ओर भाग गए। पुलिस को हत्याकांड की जांच में पता चला कि प्रीति का उसके पड़ाेस में रहने वाले युवक अंकित केसरी के साथ अवैध संबंध था। प्रीति भी अंकित से ही शादी करना चाहती थी। यही वजह है कि पति काे रास्ते से हटाने के लिए उसने प्रेमी को साथ कर लिया।

प्रीति 2019 में दुर्गा पूजा का सामान खरीदने के बहाने पति के साथ आई थी रांची

आराेपी प्रीति केसरी तय याेजना के अनुसार पति काे 28 दिसंबर 2019 काे दुर्गा पूजा का सामान खरीदने के बहाने कार से रांची आयी थी। वह जानबूझकर देर कर रही थी, ताकि लौटने मेें रात हाे जाए। याेजना के अनुसार रात लगभग 8 बजे अपने पति काे लेकर पिठाेरिया जा रही थी। इसी दाैरान बाइक सवार दाे युवकाें ने उसके पति का राॅड से मारकर हत्या कर दी।

आराेपी प्रेमी और उसके दाेस्त हो चुके हैं गिरफ्तार

कार्तिक केसरी हत्याकांड में पुलिस पहले ही आराेपी प्रीति के प्रेमी अंकित केसरी और उसके दाेस्त विशाल पांडे काे गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। विशाल खूंटी का रहने वाला है। विशाल काे पुलिस ने खूंटी काेर्ट परिसर से गिरफ्तार किया था।

नगड़ी में हत्या की योजना बना रहे 4 अपराधियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित बरेरा सिटी के पास से पुलिस ने अपराध की योजना बनाते हुए 4 अपराधियों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद अजीम उर्फ बल्लू, मोहम्मद वसीम और मोहम्मद अफरोज खान उर्फ चरकू शामिल हैं। सभी अपराधी लोअर बाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 8 गोलियां, मोबाइल फोन और कार बरामद की है।

पीएलएफआई कनेक्शन खंगाल रही पुलिस

ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। तहकीकात की जा रही है कि कहीं सभी का पीएलएफआई से तो कनेक्शन तो नहीं है। किसी विवादित जमीन पर भी कब्जा दिलाने के लिए पहुंचने की बात से इंकार नहीं किया जा सकता।