2020/12/03

समस्तीपुर में लगी भयंकर आग,10 घर जलकर राख,लाखों की संपत्ति का नुकसान

SAMASTIPUR: रोसड़ा थाना क्षेत्र के ढ़ट्ठा गांव में अलाव से लगी आग में 10 घर जलकर राख हो गए। इसमें लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इस दौरान आग की चपेट में आने से एक अधेड़ दंपती और दो मवेशी भी झुलस गए। 

जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात गांव के सोमन यादव के दरवाजे पर लगे अलाव की आग टाटी में पकड़ लिया और अचानक आग की लपटें उठने लगी। जिसे देख आसपास के लोग चिल्लाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। 

काफी मशक्कत एवं फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर आग पर किसी प्रकार काबू पाया गया। लेकिन तब तक सोमन यादव समेत पथलु यादव, रामविलास यादव, जनार्दन यादव, दिलीप यादव, सीता देवी, रामाश्रय यादव, शीला देवी, लालू दास एवं युगल दास का घर पूर्णत: स्वाहा हो गया। 

जिसमें 10 लाख से अधिक के सामान जलकर राख होना बताया जाता है। वही इस दौरान जानवरों को बचाने के क्रम में सोमन यादव एवं उसकी पत्नी गीता देवी झूलस गई। जिसे लोगों ने इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। 

वहीं दो मवेशी भी बुरी तरह झुलस गए। जिसका इलाज पशु चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है। सूचना पर पहुंचे अंचलाधिकारी अंबपाली यादव एवं अंचल निरीक्षक सत्येंद्र कुमार द्वारा तत्काल सभी पीड़ित परिवार को नियमानुकूल मुआवजा एवं प्लास्टिक आदि मुहैया कराया गया है।