2020/11/27

समस्तीपुर:उत्तर बिहार में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक आ सकती है गिरावट, बढेगी ठंड

BIHAR-SAMASTIPUR-  अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इससे यहां ठंड बढेगी। उत्तर पश्चिम भारत में पड़ रहे ठंड एवं पछिया हवा का असर इन क्षेत्रों में भी पड़ेगा। यह कहना है मौसम विभाग का।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने बताया कि उत्तर बिहार में अगले दो दिनों तक आसमान में हल्के बादल देखे जा सकते हैं। हालांकि बारिश होने की संभावना नहीं है। दो दिनों के बाद बादल साफ हाे जाएगा। लेकिन उत्तर पश्चिम भारत में पड़ रहे ठंड और पछिया हवा के कारण उत्तर बिहार भी ठंड बढेगी।

दो से चार डिग्री तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में भी हल्की गिरावट आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार झारखंड एवं उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं। 

इस वजह से सुबह में कुहासा नहीं लगने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.8 एवं न्यूनतम तापमान 11.08 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि सामान्य न्यूनतम तापमान 13 डिग्री एवं अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा।