2020/11/07

बिहार चुनाव-पुष्‍पम प्रिया ने किया नई सरकार बनाने का दावा, बोलीं- हम ही जीतेंगे

BIHAR-बिहार विधान सभा में पहली बार चुनावी जंग में उतरीं द प्‍लूरल्‍स पार्टी की अध्‍यक्ष व सीएम फेस पुष्‍पम प्रिया चौधरी ने शनिवार को कहा है कि बिहार में चुनाव में पैसों का और लोगों को बांटकर सत्‍ता हथियाने  का खेल होता है। बिहार की हालत बेहद ही खराब है।

 मैं आ गई हूं। डेमोक्रेसी के सारे स्‍तंभों से ही कड़े सवाल पूछूंगी। सभी जवाब देने के लिए तैयार रहें। उन्‍होंने दावा किया कि चुनाव में उनकी पार्टी को जनता का बेहतरीन सपोर्ट मिल रहा है। हम जीतेंगे और बिहार में सरकार बनाएंगे। किसी गठबंधन में शामिल नहीं होंगे।

 सीटों की संख्‍या के प्रश्‍न पर कहा कि भविष्‍यवाणी में विश्‍वास नहीं रखती। दस नवंबर को सबको पता चल जाएगा। मगर हमारा टार्गेट ज्‍यादा से ज्‍यादा सीटें लाने का है।

 सीएम फेस होने के सवाल पर कहा कि  हां, मैंने खुद को  सीएम कैंडिडेट घोषित किया था। जब आप चुनाव लड़ते हैं तो यह तो बताना होगा कि आप क्‍या करेंगे। भविष्‍यवाणी ही सुननी है तो बता रही हूं कि हम चुनाव जीतेंगे।

पुष्‍पम प्रिया दरभंगा में मतदान करने पहुंची थी। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान में बड़े-बड़े दिग्गज नेताओं के साथ प्रत्याशियों ने वोट डाले। पुरल्स पार्टी की पुष्पम प्रिया चौधरी दरभंगा के बूथ नंबर 277 पर सुबह-सुबह पहुंचीं। इसके बाद वह मीडिया से भी मुखातिब हुईं।

मतदान करने के बाद उन्‍होंने मीडिया से खुलकर बात की। कहा कि आगे बढ़ने का वक्‍त है। हम आगे तभी बढ़ेंग जब नीतीश जी और लालू जी जैसे लोगों से मुक्ति पाएंगे।

 सीएम नीतीश कुमार के आखिरी चुनाव  के सवाल पर कहा कि वो  तो इस चुनाव में भी किसी सीट से तो खुद खड़े नहीं हैं।  उन्‍हें तो यही चुनाव नहीं लड़ना चाहिए था। 15 सालों तक उन्‍होंने राज किया। अब उन्‍हें सम्‍मानजनक विदाई ले लेनी चाहिए।