घटना की जानकारी मिलते ही लड़की पक्ष ने सौर बाजार थाना में शिक्षक समेत उनके 5 अन्य सहयोगियों पर अपहरण का मामला दर्ज करवाया है।
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने 48 घंटे के अंदर लड़की को बरामद कर लिया है। लेकिन आरोपी शिक्षक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। घटना सौरबाजार थाना क्षेत्र के सुहथ पंचायत का है।
जहां कोचिंग में पढ़ाने वाले शिक्षक सूरज कुमार उर्फ महादेव पंडित ने पीड़ित लड़की को कोचिंग पढ़ाने के लिए अपने घर पर बुलाया और वहां से साजिश के तहत अपने सहयोगियों के सहयोग से शादी की नियत से लेकर चला गया।
लड़की के परिजनों को जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देते हुए संबंधित ठिकानों पर पुलिस के साथ छापेमारी में सहयोग किया और 48 घंटे के अंदर लड़की को बरामद कर लिया।
लड़की के परिजनों का आरोप है कि शिक्षक सूरज कुमार द्वारा लड़की को बहला फुसला कर शादी करने का प्रयास किया जा रहा था। मेरी लड़की अभी नाबालिग है। आरोपी शिक्षक पर उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। लड़की के परिजन के बयान पर कांड संख्या 414 /20 दर्ज कर कार्रवाई करते हुए लड़की को बरामद कर लिया गया है।
आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़ित लड़की को न्यायालय में 164 के बयान के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।