BIHAR-मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। अब सूर्योदय पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। शुक्रवार को धुंध के साथ सुबह होगी। मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु में चक्रवाती हवा निवार का भी बिहार के मौसम पर असर पड़ रहा है।
तापमान पर पड़ रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार कि बिहार के 38 जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री कम रहा है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी का असर देश के मैदानी क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है, जिससे शाम होते ही ठंड का एहसास हो रहा है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह में रात के साथ ही दिन में भी ठंड बढ़ने का अनुमान है।
गया सबसे ठंड और फारबिसगंज सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को गया सबसे अधिक ठंड रहा, यहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रहा। जबकि फारबिसगंज सबसे अधिक गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 29.4 रहा। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं की वजह से 30 नवंबर तक बिहार के तटवर्ती क्षेत्र में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट का अनुमान है।
गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11.2 डिग्री रहा। हालांकि रात में सुपौल सबसे गर्म था यहां न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को पटना में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री होने का अनुमान है।