स्थानीय लोगों का कहना है कि आग सबसे पहले पैक्स अध्यक्ष रामनारायण यादव के घर में लगी। वे अपनी मां के श्राद्धक्रम में हिस्सा लेने सपरिवार पैतृक गांव गए हुए थे। इसी बीच यह घटना हो गयी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस अगलगी में करोड़ों रूपये की संपत्ति बर्बाद हो गई।
अररिया के बागडहरा गांव में फिर सुलगी आग
अररिया के बागडहरा गांव में गुरुवार की दोपहर एक बार फिर अचानक ही आग लग गई, जिसमें दर्जनों घर जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। पिछले सप्ताह इसी प्रखंड के आधा दर्जन गांव में आग लग गई थी, जिसमें लाखों के सम्पत्ति का नुकसान हुआ था।
इससे पहले बुधवार को जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के (सिमरिया पंचायत) अतरिया गांव में नल-जल योजना अंतर्गत पानी टंकी वेल्डिंग करने के दौरान शॉट सर्किट लगने से भीषण आग लगी थी। बुधवार को ही नरपतगंज प्रखंड के बसमतिया पंचायत के वार्ड संख्या-09 में खाना बनाने के क्रम में आग लगने से छह परिवार के दर्जनभर घर जलकर राख हो गए थे।
गया में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, भैंस को बचाने में लगे किसान, दोनों की जान गई
गया में बुधवार की रात एक किसान के घर में शॉर्ट-सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें किसान और भैंस दोनों की जान चली गई। परिजनों ने बताया कि बुधवार की रात खाना-पीना खाकर सभी लोग सो रहे थे कि अचानक घर में आग लग गई। नींद में सो रहे कृष्णा रविदास को जब आग लगने का एहसास हुआ तो वह घर में सोए पत्नी और बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए।
इसके बाद वह मवेशीखाना से मवेशियों को निकालने लगे। चार बच्चों के साथ पत्नी और कुछ मवेशियों को उन्होंने सुरक्षित निकाल लिया लेकिन एक भैंस आग के बीच में फंस गई। जैसे ही उसे निकालने घर के अंदर घुसे, वैसे ही घर की बड़ेरी दोनों पर गिर गई, जिससे दोनों आग की चपेट में आ गए और झुलस गए।
स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक काफी नुकसान हो गया था। घटना में किसान और भैंस दोनों की मौत हो गई। हादसे में धान की करीब 5 हजार बोरियां जबकि नेवारी के कई हजार बोरे जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी प्रखंड अधिकारी को दी गई। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर सरकार से मुआवजा दिलाने की बात कही है।