दरअसल नगर के चांदनी मार्केट निवासी एक युवक का बिछियां कला निवासी एक युवती से प्रेम प्रपंच चल रहा है। प्रेम परवान चढ़ा तो दोनों के परिजनों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद युवक के परिजनों को उन दोनों का प्रेम नागवार गुजरा और वे इसमें बाधक बनने लगे।
इसके बाद युवती ने युवक पर कई बार शादी का दबाव बनाया, लेकिन युवक द्वारा अपना रुख स्पष्ट नहीं किए जाने से खफा युवती खुद ही युवक के परिजनों तक जा पहुंची।
बताया जा रहा है कि इसी प्रकरण में कुछ दिनों पूर्व पंचायत भी हुई, लेकिन उसका कोई निष्कर्ष नहीं निकला। ऐसे में शनिवार की शाम पांच बजे युवती अपने भाई के साथ प्रेमी के दरवाजे पर जा पहुंची और युवक को बुलाने की जिद करने लगी।
पहले परिजनों ने उसे समझा-बुझाकर मामले का पटाक्षेप करने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी रही और वो-हल्ला मचाने लगी तो आसपास के दुकानदार और राहगीरों की भीड़ जमा हो गयी। लोगों को जब मामला पता चला तो वे उन्होंने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी।
बताया कि उक्त प्रकरण में युवक के परिजनों को शादी के लिए दो दिन की मोहलत दी गयी है। इसके बाद मामला निस्तारित नहीं होता है तो युवती की शिकायत पर युवक व उसके परिजनों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।