सारण के डोरीगंज में मटकोर के भोज में अचानक गैस सिलेंडर से हुए रिसाव से भीषण अगलगी की सूचना है। घटना पूर्वी बलुआ स्थित पिपराटोला गांव की है, जहां एक किसान की बेटी की शादी में ये हादसा हो गया।
अगलगी में 5 बच्चे,3 महिला, 4 पुरुष सहित एक दर्जन लोग झुलस गए हैं। हादसे में एक मासूम गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है।
पिपराटोला गांव निवासी किसान बच्चा लाल राय की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी समारोह से एक दिन पूर्व कथा मटकोर का आयोजन था। इसके लिए आंगन में एक तरफ मंडप निर्माण चल रहा था तो दूसरी तरफ सामने आंगन के ही एक बरामदे मे गैस चूल्हे पर भोज की तैयारियां भी चल रही थी कि तभी गैस चूल्हे से अचानक हुए रिसाव के कारण आग की तेज लपटें आसमान छूने लगीं।
आसपास मौजूद 4 पुरुष, 3 महिला सहित कुल 7 लोगों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक चारपाई पर सोए 5 बच्चे भी झुलस गए। घटना में आर्यन कुमार (3 वर्ष), बिट्टेश्वर राय (30 वर्ष), रितु कुमार (11 वर्ष), अनिता देवी (40 वर्ष), बच्चन देवी (43 वर्ष) रीना देवी (30 वर्ष), अंकुश कुमार (3वर्ष), अनिश्चित कुमार (5 वर्ष), मुस्कान कुमारी (7 वर्ष), अमरेश कुमार (28 वर्ष), अखिलेश राय (28 वर्ष) और 25 वर्षीय प्रमोद कुमार सहित दर्जन भर लोग झुलसकर घायल हैं।
पीएमसीएच रेफर एक बच्चा सहित एक 30 वर्षीय युवक की हालत नाजुक है। वहीं, अन्य जख्मी लोगों का इलाज दिघवारा हॉस्पिटल और छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना में कपड़ा, अनाज, बर्तन, शादी के लिए रखे गए समान भी जलकर राख हो गए।