ग्रामीणों के अनुसार मंगवार रात्रि दो बजे अनवर अंसारी उर्फ बहारन और उनकी पत्नी ने बथान में सोए अपने पिता सोबराती मियां पर लगातार चाकू से वार करने लगा। इसमें उसके पिता की दाहिनी आंख बाहर निकल गई। बुजुर्ग की आवाज सुनकर पत्नी और बेटी बाहर आई तो आरोपी अनवर अंसारी अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया।
बुजुर्ग की ऐसी हालत देख उसकी बेटी लैला खातून चिल्लाई तो अगल-बगल के लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सोबराती मियां को इलाज के लिए भोरे रेफरल अस्पताल भर्ती कराया, जहां से स्थिति नाजुक देखते हुए भोरे रेफरल अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया, पर रास्ते में ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। भोरे थानाध्यक्ष सुभाष सिंह ने परिजनों के बयान पर आरोपी बेटे और बहू की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज कर दी है।
आरोपी पहले भी करता था अपने माता-पिता को प्रताड़ित
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी के साथ पिछले चार साल से बूढ़े माता-पिता को अलग कर पक्के के मकान में रहता था, जबकि बुजुर्ग माता-पिता अपनी एक बेटी के साथ झोपडी में जीवन बसर करते थे। इसी बीच बेटी की शादी के लिए सोबराती मियां अपनी जमीन को बेचना चाह रहे थे। इस बात को लेकर बेटे से कई बार विवाद भी हुआ। कई बार पंचायत के दौरान सोबरती मियां अपने बेटे को समझाने की भी कोशिश की। इसको लेकर थाने में आरोपित की मां ने उसके खिलाफ शिकायत भी दर्ज करवाई थी लेकिन बेटे और बहु ने अपने रवैया नहीं बदला। इसके बाद सोबराती मियां ने अपनी बेटी की शादी के लिए अपने पैतृक संपत्ति में से 3 कट्ठा जमीन बेच दिया। जमीन बेचे जाने की खबर मिलने के बाद बौखलाए बेटे अपने पिता की निर्मम हत्या कर दी।