गोविंदपुर उत्पाद चेक-पोस्ट पर मिली कामयाबी
एक्साइज डिपार्टमेंट की टीम को गोविंदपुर चेक पोस्ट पर सफलता मिली। मुखबिरों ने बताया था कि लाल रंग की टेंपो में झारखंड से विदेशी शराब लाई जा रही है। टीम मुस्तैद थी और टेंपो को आते ही रोक लिया गया।
उसपर सब्जी लदी थी। टीम ने पूरी टेंपो की तलाशी ली तो ऊपर सब्जी और नीचे खाली कैरेटों में विदेशी शराब की बोतलें भरी थीं। हालांकि, उत्पाद विभाग की टीम दावा कर रही है कि टेंपो चालक को रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगा।
उसे बड़ी मेहनत से पीछा कर धनपुरी गांव के समीप पकड़ा गया। सफलता पाने वालों में उत्पाद विभाग के सुबेदार सोबरन बड़ाइक व सिपाही सत्यनारायण सिंह, सकिंद्र यादव, महेंद्र प्रसाद शर्मा और बच्चू यादव शामिल थे।
विभिन्न ब्रांडों की मिली शराब
थानाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि शराब साथ लाल रंग का टेंपो जब्त किया गया है। चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सब्जी के नीचे शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं। कुल 33 कार्टन विदेशी शराब जब्त की गई, जिसमें 750, 375 और 180 एमएल के करीब एक हजार बोतल थे। टेंपो मालिक और चालक पर मद्य निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उत्पाद विभाग की टीम टेंपो की रजिस्ट्रेशन नंबर से आरोपित मालिक और चालक का पता लगा रही है।