2020/11/26

समस्तीपुर:बारात में की हर्ष फायरिंग, गोली लगने से युवक की हालत गंभीर

BIHAR-SAMASTIPUR-कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर गांव में बुधवार रात बारात में जयमाला के दौरान हुई हर्ष फायरिंग से एक युवक जख्मी हो गया। इससे बारात में अफरातफरी मच गयी। लोगों ने उसे एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 इस मामले में कल्याणपुर थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने घटना से अनभिज्ञता जतायी है। उन्होंने बताया कि उनके पास इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत नहीं आयी है। जख्मी युवक के आवेदन देने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर मुक्तापुर के ग्रामीणों ने बताया कि हर्ष फायरिंग में जख्मी होने वाला युवक अविनाश कुमार (19) मुक्तापुर के ही सिद्धार्थ प्रसाद यादव का पुत्र है। उसके बाएं जांघ में गोली लगी है। समस्तीपुर के एक निजी क्लीनिक में उसका इलाज कराया जा रहा है। 

ग्रामीणों के अनुसार, दरभंगा के हायाघाट के यामा गांव से मुक्तापुर बारात आयी थी। बुधवार रात्रि करीब 10.30 बजे जयमाला के दौरान एक युवक हर्ष फायरिंग करने लगा। उसी दौरान जयमाला के स्टेज के पास मौजूद अविनाश को गोली लग गयी। 

गोली लगने के बाद उसके जख्मी होकर गिरते ही लोगों में अफरातफरी मच गयी। शादी समारोह में मौजूद जख्मी युवक के परिजन व स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए ले गये। फायरिंग करने वाला युवक फरार हो गया।