2020/11/27

दरभंगा में प्रेम प्रसंग में एक शख्स की मर्डर की आशंका, कचरे में फेंक दिया शव,जांच में जुटी पुलिस

BIHAR-DARBHANGA-बहादुरपुर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में बालू गिट्टी व्यवसायी 35 वर्षीय मनीष सिंह उर्फ चिंटू सिंह की गुरुवार की अलस्सुबह प्रेम-प्रसंग में हत्या कर शव को मोहल्ले के ही कचरा डंपिंग स्थल पर फेंक दिया गया। 

उस पर करीब 9 बजे लोगों की नजर पड़ी और सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष एवं प्रशिक्षु आईपीएस वैभव शर्मा दलबल के साथ पहुंचे और जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। इस मामले में शक की बिना पर पुलिस ने उसी मोहल्ले के लड़की और उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मृतक मनीष लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के पवई गांव निवासी शिवदानी सिंह का पुत्र था। वह पिछले 20 साल से शास्त्री नगर के बगल के माेहल्ला सैदनगर काली मंदिर के समीप व्यवसाय करता था। घटना के संबंध में आईपीएस वैभव शर्मा ने बताया कि फिलहाल छानबीन की जा रही है। तीन को हिरासत में लिया गया है। 

बताया जाता है कि मृतक मनीष की जेब से दो फोन व कुछ नकद रुपए भी बरामद हुए। जब उसके मोबाइल फोन का व्हाट्सऐप चेक किया गया तो गुड़िया नाम से सेव नंबर पर उसका लेटेस्ट मैसेज था- तुम जो भी कर रही हो वह गलत कर रही हो।

मनीष उर्फ चिंटू के सिर में था चोट का निशान

पुलिस की छानबीन में मनीष उर्फ चिंटू के सिर में चोट का निशान पाया गया। वहीं उसकी गर्दन को भी मरोड़ा गया प्रतीत हुआ। आखिर उसकी हत्या कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। 

फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। यह बताया जा रहा है कि चिंटू जिस लड़की से प्रेम करता था, उसकी शादी कहीं अन्यत्र तय कर दी गई है। यह चिंटू को नागवार था। चिंटू उसे रोकना चाह रहा था। पुलिस को शक है कि चिंटू की हत्या की वजह भी यही हो सकती है। क्योंकि परिजन उसे शादी की राह से हटाना चाह रहे हों। घटना के बाद से लड़की का भाई फरार है।