2020/11/25

समस्तीपुर:ट्रैफिक व्यवस्था से परेशान एसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, फिर सड़क पर उतर कर संभाली कमान

BIHAR-SAMASTIPUR-शहर में पिछले पंद्रह दिनों से लगातार जाम की समस्या से लोगों को मुक्ति दिलाने के लिए मंगलवार को एसपी ने स्वयं यातायात नियंत्रण की कमान संभाल ली। मंगलवार को भी ओवरब्रिज से लेकर मोहनपुर रोड एवं मथुरापुर घाट तक जाम लग गया था।

 जिसकी सूचना मिलने पर एसपी विकास वर्मन अपनी टीम के साथ ओवरब्रिज पर पहुंच स्वयं ट्रैफिक व्यवस्था की कमान संभाल वाहनों को निकलवाना शुरू कर दिया। विदित हो कि शहर में लगने वाले जाम को लेकर ‘हिन्दुस्तान में लगातार खबर प्रकाशित की जा रही है।

 जिसके आलोक में जाम से निजात दिलाने के लिये जिला प्रशासन ने पहल की है। जिला प्रशासन ने भी जाम की समस्या दूर करने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। ओवरब्रिज पर एसपी के पहुंचने की सूचना मिलते ही नगर व मुफस्सिल पुलिस के अलावे यातायात प्रभारी भी पहुंच गये। 

आनन फानन में सभी अधिकारी जाम हटवाने में लग गये। इस दौरान एसपी वाहन चालकों को को एक कतार में लगवा लाइन में ही चलने की हिदायत दे रहे थे। उन्होंने सभी को कतार में लगवाने के बाद धीरे-धीरे दोनों लेने में फंसे वाहनों का निकलवाया।

लगभग एक घंटे तक एसपी ओवरब्रिज गोलंबर पर स्वयं खड़ा होकर ट्रैफिक को संभाला। इस दौरान उन्होंने मौजूद पुलिस अधिकारियों को कई निर्देश भी दिया। बता दें कि पिछले पंद्रह दिनों से लगातार शहर में जाम की समस्या बनी हुई थी। प्रत्येक दिन जाम लगने से आम लोग काफी परेशान थे। व्यवसायी वर्ग का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।