2020/11/25

प्यार किया तो डरना क्या! प्रेमी संग भागी दो बच्चों की मां 8 दिन बाद लौटी, बोली, प्रेमी से करूंगी शादी, पति संभालेगा बच्चों को

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में भी ऐसा ही कुछ हुआ है. दो बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयी. 8 दिन बाद लौटी, तो थाना में साफ-साफ कहा कि वह अपने प्रेमी से शादी रचायेगी. इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि उसका पति उसके दो बच्चों की देखभाल करेगा. उनकी परवरिश करेगा.

महिला ने कहा कि उसने ही फोन करके करण को अपने घर बुलाया और उसके साथ भाग गयी. महिला के अनुसार, उसके दो बच्चे हैं. एक बेटी पांच वर्ष की, जबकि बेटा ढाई वर्ष का है. दोनों बच्चे पति (रवि मुंडा) के पास हैं. अब वे अपने पिता के साथ ही रहेंगे. वही उनकी देखभाल करेगा. अब वह रवि मुंडा के साथ नहीं रहना चाहती. रवि से वर्ष 2012 में शादी हुई थी. करण के घरवाले भी शादी के लिए तैयार हैं.

करण से चार महीने से उसका प्रेम संबंध है. महिला के थाना पहुंचने के करीब तीन घंटे बाद प्रेमी करण पटेल भी सोनारी थाना पहुंचा. करण ने पुलिस को बताया कि वह महिला से प्रेम करता है और उससे शादी करने वाला है. उसके घर वाले भी राजी हैं. वहीं, करण की मां ने बताया कि वह केसवती को बहू बनाकर रखेगी.

उधर, रवि मुंडा ने बताया कि आठ दिन पूर्व पत्नी बच्चे को घर में छोड़कर गायब हो गयी. अब वह पत्नी को साथ नहीं रखना चाहता. पत्नी का मायका बुंडू में है. अब वह दोनों बच्चे का माता-पिता बनकर उनकी परवरिश करेगा. सोनारी थाना में अपराह्न करीब तीन बजे करण पटेल के पहुंचने पर महिला ने पुलिस को बताया कि वह करण के साथ ही रहेगी. पति के घर नहीं जायेगी.

इस मामले को लेकर सोनारी थाना में करीब एक घंटा तक गहमागहमी रही. इसके बाद पुलिस ने महिला को उसके प्रेमी के साथ उसके घर भेज दिया. थाना ने बुधवार को महिला के मायके पक्ष के लोगों को बुलाया है. उनके यहां आने और उनकी राय जानने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.