जिला प्रशासन ने लोगो से अपील की है कि वो सेनेटाइजर के साथ ही मास्क जरूर लगाएं. इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस-प्रशासन व नगर निगम के साथ मिलकर सार्वजनिक जगहों पर कोरोना जांच के लिए शिविर लगाने की तैयारी की है. बता दें कि बिहार में कोरोना मामलों की कुल संख्या 2 लाख 31 हजार से ज्यादा हो गयी है. हालांकि इसमें से अभी 5115 एक्टिव केस है. अब तक कोरना के कारण 1227 लोगों की मौत हुई है.
पटना में सामने आये 155 नये कोरोना पॉजिटिव
पटना में सोमवार को 155 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं. इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव केसों के मिलने का सिलसिला बढ़ने लगा है. इन नये केसों के साथ ही जिले में अब तक मिलने वाले कुल पॉजिटिव केस की संख्या 40,627 हो गयी है. वहीं तेजी से कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक भी हो रहे हैं. जिले के 38,632 लोग कोरोना से लड़कर ठीक हो चुके हैं.
स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब तक 314 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है. वहीं जिले में कुल कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या अभी 1681 है. वहीं पीएमसीएच में सोवार को कोरोना से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. युवक का नाम ए कुमार था और वह मुजफ्फरपुर का रहने वाला था. पिछले दिनों गंभीर स्थित में उसे यहां भर्ती करवाया गया था.