2020/10/08

PM और CM के तौर पर नरेंद्र मोदी का 20वां वर्ष, बधाइयों पर बोले- देशहित और गरीबों का कल्याण ही मेरे लिए सर्वोपरि

DESK-गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के पद तक लगातार 19 साल चुनी हुई सरकारों का नेतृत्व करते हुए 20वें साल में प्रवेश करने पर बुधवार को भाजपा नेताओं समेत तमाम हस्तियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी और उनके नेतृत्व की सराहना की।

 इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लोगों का आभार जताते हुए कहा कि वह देशवासियों को एक बार फिर से यकीन दिलाते हैं कि देशहित और गरीबों का कल्याण उनके लिए सर्वोपरि है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बचपन से मेरे मन में एक बात संस्कारित हुई कि जनता जनार्दन ईश्वर का रूप होती है। इतने लंबे कालखंड तक देशवासियों ने मुझे जो जिम्मेदारियां सौंपी हैं, उन्हें निभाने के लिए मैंने पूरी तरह से प्रामाणिक और समर्पित प्रयास किए हैं। 

आज जिस प्रकार देश के कोने-कोने से आप सबने आशीर्वाद और प्रेम बरसाए हैं, उसका आभार प्रकट करने के लिए आज मेरे शब्दों की शक्ति कम पड़ रही है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश सेवा, गरीबों के कल्याण और भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का हम सबका जो संकल्प है, उसे आपका आशीर्वाद, आपका प्रेम और मजबूत करेगा। कोई व्यक्ति कभी यह दावा नहीं कर सकता कि मुझमें कोई कमी नहीं है। 

इतने महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरे पदों पर एक लंबा कालखंड… एक मनुष्य होने के नाते मुझसे भी गलतियां हो सकती हैं। यह मेरा सौभाग्य है कि मेरी इन सीमाओं और मर्यादाओं के बावजूद आप सबका प्रेम उत्तरोत्तर बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं अपने-आपको, आपके आशीर्वाद के योग्य, आपके प्रेम के योग्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा। देशवासियों को एक बार फिर से यकीन दिलाता हूं कि देशहित और गरीबों का कल्याण, यही मेरे लिए सर्वोपरि है और हमेशा ही सर्वोपरि बना रहेगा।

बता दें कि आज ही के दिन (सात अक्टूबर) वर्ष 2001 में मोदी पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। लगभग 13 साल तक सीएम रहने के बाद 2014 में वे देश के प्रधानमंत्री बनें और तब से देश का नेतृत्व भी कर रहे हैं। 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस उपलब्धि के लिए जहां प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई भाजपा नेताओं ने उन्हें बधाई दी।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि सार्वजनिक पद पर 19 वर्ष पूरे करने पर कैबिनेट बैठक में बुधवार प्रधानमंत्री को बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने कई चुनौतीपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया और कई लंबित योजनाएं पूरी की हैं। पीएम ने सामान्य लोगों के जीवन का स्तर ऊंचा किया।


मोदी को बधाई देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अपनी दूरदर्शी सोच से वे ऐसे भारत का निर्माण कर रहे हैं जो सशक्त, आधुनिक व आत्मनिर्भर हो। उन्होंने कहा, पीएम के विचारों, दूरदृष्टि व करिश्माई व्यक्तित्व से प्रेरित हर भारतवासी आज भारत को विश्व गुरु के रूप में पुन: स्थापित करने के लिए अग्रसर है।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा, भारत के राजनीतिक इतिहास में सात अक्टूबर, 2001 की तारीख एक मील का पत्थर है, जब मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। भाजपा ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर सरकार के मुखिया के रूप में मोदी द्वारा पिछले 19 साल के दौरान की कई प्रमुख योजनाओं का विस्तार से ब्योरा जारी किया।


केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने समर्पण, दूरदृष्टि और नि:स्वार्थ भाव से मानवता और मां भारती की सेवा करने के लिए मोदी को बधाई दी। भाजपा प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने ट्वीट किया कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कुल 6941 दिन पूरे किए हैं। ऐसा निष्कलंक कार्यकाल कम ही देखा गया है। अपनी चिंता किए बगैर उन्होंने जन कल्याण को प्राथमिकता दी। हमेशा देश की संप्रभुता और गौरव को अखंड रखा।