इससे पहले बुधवार की रात शाहनवाज हुसैन ने ट्वीट कर बताया कि मैं एम्स के ट्रामा वार्ड में भर्ती हूं। चिंता की बात नहीं है मैं ठीक हूं। इसके कुछ ही देर बात उन्होंने ट्वीट किया कि बीते दिनों मैं कुछ ऐसे लोगों के संपर्क में आया था जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
मैंने खुद भी आज जांच कराया जिसमें मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। उन्होंने लिखा है कि बीते दिनों मेरे संपर्क में आए उन सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि कृपया वे सरकार की गाइडलाइन के अनुसार खुद की कोरोना जांच करवाएं।
गाइडलाइंस के उल्लंघन पर चुनाव आयोग सख्त
निर्वाचन आयोग ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान सामजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किए जाने और इससे संबंधित दिशा-निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया है। नेताओं द्वारा बिना मास्क पहने जनसभाओं को संबोधित करने के वीडियो वायरल हुए हैं।
सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की पार्टियों के अध्यक्षों और महासचिवों को जारी परामर्श में आयोग ने कहा है कि संबद्ध उम्मीदवारों एवं इस तरह के उल्लंघनों के लिए जिम्मेदार आयोजकों के खिलाफ मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) तथा जिला प्रशासन को दंडनीय कार्रवाई करनी चाहिए। आयोग ने कहा कि दिशा-निर्देशों के अनुपालन के लिए अलग-अलग निर्देश सीईओ और चुनावी राज्यों की सरकारों को जारी किया जा रहा है।