2020/10/21

ब्रेकिंग : केंद्रीय मंत्री आरके सिंह का जबरदस्त विरोध, लोगों ने काला झंडा दिखाया, गाड़ी के शीशे पर मारा हाथ

DESK-केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री आरके सिंह पर आरा में हमला हुआ है। इस दौरान वे चुनावी सभा के लिए जा रहे थे। उनकी गाड़ी के शीशे पर हाथ मारा गया है। इस दौरान उन्हें काले झंडे भी दिखाए गए हैं। सिंह इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चुनावी सभा में शामिल होने जा रहे थे।

बुधवार को आर.के सिंह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह  के कार्यक्रम में शामिल होने बड़हरा प्रखंड के पड़रिया गांव जा रहे थे. इस दौरान आरा-बड़हरा रोड पर करजा गांव के समीप उनको लोगों ने काले झंडे दिखाए और मुर्दाबाद के नारे लगाए. 

बताया जा रहा है कि आर.के सिंह के काफिला को देखते ही लोग आक्रोशित हो गए और काले झंडे दिखाने लगे. भीड़ ने इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की. इससे केंद्रीय मंत्री के साथ चल रहे काफिले को थोड़ी देर के लिए असुविधा का सामना करना पड़ा.

 बुधवार को बड़हरा में एनडीए के एक चुनावी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा हो रही थी. आर.के सिंह इसमें शामिल होने के लिए जा रहे थे. 

हालांकि उनके काफिले को काला झंडा दिखाने के बावजूद यह कार्यक्रम तय समय पर शुरू हुआ और मंच से केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए के नेताओं ने जनता को संबोधित किया. आर.के सिंह को काले झंडे और मुर्दाबाद के नारे लगाने वाले कौन लोग थे इसका फिलहाल पता नहीं लग सका है.

भोजपुर जिले की बड़हरा विधानसभा सीट से एनडीए उम्मीदवार राघवेंद्र प्रताप सिंह का मुकाबला आरजेडी के सरोज यादव के साथ है. 

बीजेपी से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रही आशा देवी भी मैदान में हैं. बड़हरा सीट को बिहार की चित्तौड़गढ़ के नाम से जाना जाता है. यहां विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 28 अक्टूबर को वोटिंग होनी है.