2020/10/20

समस्तीपुर में वोट के लिए ड्रामा : कांग्रेस प्रत्याशी ने मंच पर कुर्ता फाड़ा,कहा- जब तक रोसड़ा जिला नहीं बनेगा तब तक कपड़ा नहीं पहनूंगा

BIHAR-SAMASTIPUR-बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए चुनाव प्रचार का कार्य जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा, उसके हर दिन अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे। नागेंद्र विकल महागठबंधन में कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। वे पटना के मनेर के रहने वाले हैं।  

एक मामला समस्तीपुर जिले रोसड़ा से आ रही हैं।रोसड़ा विधानसभा सीट महागठबंधन के प्रत्याशी नागेंद्र विकल आज अपने कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वे वर्तमान सरकार को कोस रहे थे। उसकी विफलताओं को गिना रहे थे। सबकुछ सामान्य ही चल रहा था। इसी बीच उन्होंने कहा कि मुझे यहां मौजूद लोगों की वर्षों पुरानी मांग का अहसास है। 

वे रोसड़ा को जिला बनाने की मांग के बारे में बात कर रहे थे। कहा, यदि मैं विधायक बना और हमारी सरकार बनती है तो रोसड़ा को जिला बनाने की पुरानी मांग को पूरा करने के बाद ही मैं दम लूंगा। 

इसके बाद भी जब उपस्थित लोगों पर इस बात असर कुछ कम पड़ता दिखा तो उन्होंने भरी सभा में एक संकल्प किया। कहा, जब तक मैं रोसड़ा को जिला नहीं बनवा लेता, मैं केवल धोती में रहूंगा। बस, उनका इतना कहना था और उन्हाेंने अपने कुर्ते वहीं फाड़ डाले। इसके बाद तालियां बजने लगीं।