2020/10/27

समस्तीपुर में प्रधान डाकघर का पासपोर्ट सेवा केन्द्र फिर से हुआ चालू,कोरोना महामारी को लेकर बंद कर दिया गया था

BIHAR-SAMASTIPUR-समस्तीपुर प्रधान डाकघर का पासपोर्ट सेवा केन्द्र फिर से चालू कर दिया गया है। पटना क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के निर्देश पर इस केन्द्र को चालू किया गया है। केन्द के चालू करने के साथ ही पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई है।

केन्द के प्रतिनियुक्त अधिकारी सत्येन्द्र सिंह ने बताया समस्तीपुर डाक पासपोर्ट सेवा के फिर से चालू होने के बाद से पहले की तरह लोगों की यहां भीड़ नहीं लग रही है। भीड़ नहीं लगाने का आदेश भी है। वर्तमान में प्रत्येक दिन केवल दस ही आवेदकों के अप्वांइमेंट लेने हैं।

 इससे अधिक भी लोग पासपोर्ट के लिए आवेदन करेंगे भी तो उनका आवेदन लिया ही नहीं जाएगा। कोरोना को लेकर जिला का इतना ही कोटा फिलहाल दिया गया है। जबकि लॉकडाउन लगाने से पहले चालीस आवेदकों का कोटा निर्धारित था। 

इतने ही लोगों का अप्वांइमेंट ही इस केन्द्र पर लिए जाते थे। इससे लोगों की अधिक भीड़ भी लगी रहती थी। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी को लेकर लगातार लॉकडाउन के कारण विदेश यात्रा पर भारत सरकार से रोक लगाने के बाद से देशभर के सभी डाकघर पासपोर्ट सेवा केन्द्रों व अन्य पासपोर्ट सेवा केन्द्रों को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया था।