पुलिस के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर कल 28 अक्टूवर को प्रथम चरण का मतदान होना है। मतदान को लेकर पुलिस बलों की अलग अलग जगहों पर तैनाती की जा रही है।
इसी क्रम में देव प्रखंड के ढिबरा थाना में तैनात सैप के जवान बस से अपनी ड्यूटी के लिये पुलिस लाइन जा रहे थे। इसी बीच बस का चालक चट्टी बाजार में गाड़ी रोककर कहीं चला गया और उधर से शराब के नशे में धुत्त होकर लौटा।
गाड़ी चलाने के दौरान जवानों ने चालक को बस धीरे-धीरे चलाने की हिदायत दी, बावजूद इसके चालक ने गाड़ी को तेज रफ्तार में चलाना शुरू कर दिया। गाड़ी जैसे ही सिंचाई कॉलोनी के पास पहुंची कि बिजली के खंभे से टकराते हुए पलट गई।
गाड़ी पलटने से सैप के आठ जवान घायल हो गए। थानाध्यक्ष वंकेटेश्वर ओझा ने बताया कि सूचना मिलते ही एसआइ जायेंद्र भारती को मौके पर भेजा गया।
सभी जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी पर भेज दिया गया है। जवानों का सामान और हथियार भी सुरक्षित हैं, जबकि चालक मौके से फरार है। मामले की जांच की जा रही है।