2020/10/15

सेंटरिंग मिस्त्री की हत्या का मामला-गिरफ्तार आरोपी ने कहा- पत्नी के साथ सेंटरिंग मिस्त्री ने की थी छेड़खानी इसलिए मार डाला

BIHAR-PATNA-लोदीपुर के समीप शनिवार की रात हुई सेंटरिंग मिस्त्री की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के साथ मृतक ने छेड़खानी की थी। बता दें कि मृतक छोटे राम का शव रविवार की सुबह लोदीपुर के समीप एक ऑटो से बरामद हुआ था।

 वह अकौना का रहने वाला था। शनिवार की दोपहर वह लोदीपुर अपने एक रिस्तेदार के यहां बर्थडे पार्टी में शरीक होने आया था। शाम में उसने अपने रिस्तेदार सुधीर और सुदेश के साथ गांव में ही एक शराब विक्रेता लोरिक मांझी के घर पर जमकर शराब पी। 

इस दौरान लोरिक मांझी के घर में मौजूद उसकी पत्नी के साथ उसने छेड़खानी की थी। इसे लेकर झगड़ा भी हुआ था। बाद में किसी तरह झगड़ा शांत हो गया।

देर रात मृतक दाेबारा लोरिक मांझी के घर में गलत नियत से आया और उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी करने लगा। शोरगुल होने पर लोरिक मांझी और उसका साला रामनंदन जाग गए। उन दोनों ने छोटे राम की जमकर पिटाई की और रस्सी से गला दबा दिया।

फिर उसके शव को सड़क किनारे खड़े एक खाली ऑटो में रखकर फरार हो गए। पुनपुन थाने के एसएचओ कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी लोरिक मांझी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसे जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।