दरअसल, रोहतक की एक युवती की फेसबुक के माध्यम से कैथल जिले के लड़के से जान-पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों मिलने लगे। आरोप है कि प्रेमी ने प्रेमिका को अपने स्वजनों से भी मिलवा दिया। कई बार उनकी मुलाकात हुई और बात शादी तक पहुंच गई।
प्रेमिका ने आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर प्रेमी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से मना कर दिया। धमकी दी कि उसके अश्लील फोटो और वीडियो उसके पास हैं और अगर कहीं शिकायत की तो वह इंटरनेट पर डाल देगा।
काफी दिनों से चल रहे मामले के बाद अब प्रेमिका की तरफ से प्रेमी को वकील के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा गया। इसमें युवती ने चेतावनी दी है कि 15 दिन के अंदर वह उससे शादी कर ले।
यदि शादी नहीं की तो प्रेमी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो और वीडियो बनाने और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज करा देगी। खास बात यह है कि जिस प्रेमी को शादी के लिए नोटिस भेजा गया है वह अभी नाबालिग है।
युवती ने नोटिस का खर्चा भी प्रेमी से मांगा है। बकायदा नोटिस में लिखा गया है कि नोटिस को भिजवाने का खर्चा और फीस भी देने के लिए आप जिम्मेदार हैं। शायद यह पहला ऐसा मामला हो जिसमें युवती ने प्रेमी से शादी के लिए कानूनी नोटिस भेजा है। यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।