2020/10/07

मोतिहारी में डीआरडीए के रिटायर्ड प्रधान सहायक घूस लेते निगरानी की टीम ने किया अरेस्ट

पटना से आई निगरानी की टीम ने मंगलवार को मोतिहारी डीआरडीए कार्यालय के सेवानिवृत्त प्रधान सहायक को 25 हजार की रिश्वत लेते दबोच लिया। प्रधान सहायक धुरी तिवारी ने जैसे ही कार्यालय से बाहर आकर पैसे लिए, आसपास खड़ी 10 सदस्यीय निगरानी टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

धुरी तिवारी गोविंदगंज थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव के निवासी हैं, जो ब्रेडा के कर्मी थे। उनकी प्रतिनियुक्ति डीआरडीए के प्रधान सहायक के पद पर थी। हालांकि बताया जाता है कि धुरी तिवारी 30 सितंबर को ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं। लेकिन, प्रभार नहीं सौंपा है। साथ ही मामले में जांच पत्र 1 अक्टूबर को ही निकल गया था। उस पर धुरी तिवारी ने अपना मंतव्य दिया था।