BIHAR-BANKA-अमरपुर थाना में पदास्थापित एक दारोगा को एसपी के दबाव में अपनी प्रेमिका से शादी करनी पड़ी। यह विवाह अमरपुर थाना परिसर स्थित बजरंगबली मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई।
दारोगा और उनकी प्रेमिका की शादी के गवाह पुलिस इंस्पेक्टर वकील प्रसाद यादव, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय, दारोगा विजय शंकर सिंह, राजेश सिंह सहित थाना में पदस्थापित अन्य दारोगा एवं चौकीदार भी बने।
अन्ततः सच्ची मोहब्बत ने अपना रंग दिखाया और शनिवार को बजरंगबली मंदिर में प्रशिक्षु दारोगा छोटू कुमार अपनी प्रेमिका के साथ परिणय सूत्र के बंधन में बंध गए।
बताया जाता है कि दारोगा का पिछले तीन-चार वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी बीच जब प्रेमिका को इस बात की जानकारी मिली कि दारोगा छोटू कुमार के परिजन उसकी कहीं दूसरी जगह शादी करा रहे हैं तो वह अपने प्रेम को पाने के लिए एसपी के पास पहुंच गई।
उसने अपने प्रेमी से मिलवाने की गुहार लगाई। इसके बाद एसपी के कड़े तेवर को देखकर दारोगा शादी करने को तैयार हो गए। वहीं शादी को लेकर थाना परिसर में उत्सवी माहौल बना रहा। खुशी में मिठाई का भी वितरण किया गया। शादी के बाद दंपति प्रसन्न दिखे। बता दें कि दारोगा छोटू कुमार शेखपुरा के रहने वाले है, उनकी प्रेमिका भी शेखपुरा की ही है।