एसपी लिपि सिंह ने बताया कि मुफस्सिल थाना अंतर्गत पीर पहाड़ के खंडहर नुमा मकान से रविवार को 11 हथियारों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था.
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रुपेश यादव और संटू चौधरी की गिरफ्तारी हथियारों के साथ हुई थी. गिरफ्तार किए गए रूपेश यादव और संटू चौधरी से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि तेरासी गांव का रहने वाला विजय शर्मा इन हथियारों को बनाता है. उसी ने हथियारों की आपूर्ति की थी.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में तेरासी गांव निवासी विजय शर्मा के घर पुलिस ने दबिश दी. पुलिस की कार्रवाई के दौरान विजय शर्मा के पास से चार देसी कट्टा, पांच अर्ध निर्मित नाइन एमएम पिस्टल, 5 स्लाइड, 5 बैरल, एक गोली, एक ड्रिल मशीन, एक हेक्साब्लैड फ्रेम, छेनी, हथौड़ी तथा हथियार बनाने के दूसरे सामानों की बरामदगी हुई.
मामले में मुफस्सिल थाना में एफआईआर दर्ज की गई है. विजय शर्मा ने यह स्वीकार किया है कि दियारा तथा पहाड़ी इलाकों में जाकर वह हथियार बनाता था.
इसके बाद उन हथियारों को लेकर वह तेरासी गांव आ जाता था. वहां तोफिर निवासी रुपेश यादव और तेरासी निवासी संटू चौधरी को वह सारे हथियार दे देता था. वही इन हथियारों को बेचते थे.