2020/10/16

स्तनपान कराने से शिशु और मां दोनों को होता है फायदा,आंगनबाड़ी सेविका स्तनपान को लेकर महिलाओं को कर रही है जागरूक

BIHAR-MADHEPURA- माँ का दूध नवजात शिशु के लिए वरदान की तरह  है। यह हर तरह से शिशु को  सिर्फ लाभ ही पहुंचाता है। जिला पोषण समन्वयक अंशु कुमारी ने बताया कि मां का दूध बच्चों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होता है।   शिशु को स्तनपान कराने से दोनों को मिलता है लाभ। जिले की सभी सेविकाएँ अपने अपने पोषक क्षेत्र में स्तनपान को बढ़ावा देने के लिए लाभुकों को जागरूक कर रही हैं। 

मां के दूध में पर्याप्त पोषक तत्व होते हैं 
जिला पोषण समन्वयक अंशु कुमारी ने कहा मां के दूध में पर्याप्त पोषक तत्व होते हैं। जिससे शिशु को छह माह तक पानी पीने की भी आवश्यकता नहीं होती है। मां जो बच्चे को स्तनपान कराती हैं, उससे उनकी रोग प्रतिरोध क्षमता बढ़ती है। साथ ही पीलिया, एलर्जी, निमोनिया व अन्य श्वास संबंधी बीमारियों , सर्दी−जुकाम से शिशु को बचाता है। ऐसे शिशु के बड़े होने मोटापा, डायबिटीज व कैंसर जैसी घातक एवं अन्य बीमारियां से बचाव भी होता है ।

शिशु कुपोषण का शिकार नहीं होता है 
जिला पोषण समन्वयक अंशु कुमारी ने कहा कि ऐसे शिशु  कुपोषण के शिकार नहीं होते हैं । कारण मां के दूध के रूप में पर्याप्त पोषण मिलता है । ऐसे बच्चों के  बड़े होने पर आईक्यू लेवल बेहतर पाया जाता है। माँ के दूध  से बच्चों को आवश्यक पोषक तत्व, खनिज, विटामिन, प्रोटीन, वसा आदि मिलते हैं । वहीं माँ के दूध में  एंटीबाडीज और ऐसे रोग प्रतिरोधक कारक मौजूद होते हैं, जो नवजात शिशु के सम्पूर्ण विकास और स्वास्थ्य के लिए आवश्यक होता है। शिशु के जन्म के छह माह बाद तक माँ का दूध ही बच्चे के लिए सम्पूर्ण आहार की सभी जरूरतें पूरी करता है। स्तनपान माँ और शिशु दोनों के लिए लाभदायक होता है।

स्तनपान से माँ को लाभ :
जिला पोषण समन्वयक अंशु कुमारी ने बताया कि सेविका  द्वारा स्तनपान कराने वाली महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। साथ हीं  उन्हें स्तनपान के फायदे के बारे में सेविका के द्वारा बताया जा रहा है। बताया कि स्तनपान वजन कम करने में सहायक होता है। स्तनपान कराने से  ब्रैस्ट और ओवेरियन कैंसर का खतरा बहुत कम रहता है। स्तनपान , माँ और शिशु के बीच भावनात्मक रिश्ते को बढ़ाता  है। 

स्तनपान कराने वाली माँ संतुलित आहार अवश्य लें 
साथ ही स्तनपान कराने वाली माँ को पोषक तत्वों से युक्त संतुलित आहार अवश्य लेना चाहिए। अपने खाने का खास ख्याल रखना चाहिए क्योंकि इस वक्त  वह जो भी खाती हैं  उसका असर उसके बच्चे पर पड़ता है। कुछ खाद्य पदार्थ हैं , जो विशेष रूप से माँ का दूध बढ़ाने में मदद करते हैं ।

कोविड 19 के दौर में रखें इसका भी ख्याल: 
• व्यक्तिगत स्वच्छता और 6 फीट की शारीरिक दूरी बनाए रखें.
• बार-बार हाथ धोने की आदत डालें.
• साबुन और पानी से हाथ धोएं या अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें.
• छींकते और खांसते समय अपनी नाक और मुंह को रूमाल या टिशू से ढंके.
• उपयोग किए गए टिशू को उपयोग के तुरंत बाद बंद डिब्बे में फेंके.
• घर से निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें.
• बातचीत के दौरान फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्तियों से कम से कम 6 फीट की  दूरी बनाए रखें.
• आंख, नाक एवं मुंह को छूने से बचें.
• मास्क को बार-बार छूने से बचें एवं मास्क को मुँह से हटाकर चेहरे के ऊपर-नीचे न करें 
• किसी बाहरी व्यक्ति से मिलने या बात-चीत करने के दौरान यह जरूर सुनिश्चित करें कि दोनों मास्क पहने हों
• कहीं नयी जगह जाने पर सतहों या किसी चीज को छूने से परहेज करें 
• बाहर से घर लौटने पर हाथों के साथ शरीर के खुले अंगों को साबुन एवं पानी से अच्छी तरह साफ करें