31 दिसंबर तक सभी ट्रेनों में नो रूम हो गया है। छठ बाद कोई रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली की ओर जाना चाहिए तो उन्हें अब अगले वर्ष का इंतजार करना हाेगा। सामान्य ट्रेनों में सीट नहीं है।
इसके अलावा दरभंगा- मुंबई के बीच चलने वाली पवन एक्सप्रेस में भी मुंबई से समस्तीपुर आने के लिए लोगों को जगह नहीं मिल रही है। यहां तक की भीड़ को कम करने के लिए दरभंगा- नई दिल्ली, जयनगर अमृतसर, सहरसा-नई दिल्ली, दरभंगा अहमदाबाद के बीच क्लोन ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया। बावजूद स्थिति नियंत्रित नहीं हो पाई है।
क्लोन ट्रेनों में दस दिन पूर्व तक टिकट दिया जाता है। लेकिन उक्त ट्रेनों के लिए काउंटर खुलते ही फुल हो जाता है। इससे लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही है। उधर, मीडिया प्रभारी सरस्वती चंद्र बताते हैं कि किसी भी ट्रेन के ठहराव का फैसला मंत्रालय का होता है। कोविड के कारण कम ट्रेनें चल रही है, जिससे भीड़ अधिक है।
सहरसा- नई दिल्ली क्लोन ट्रेन का समस्तीपुर में स्टॉपेज नहीं
समस्तीपुर के रास्ते 02569/70 दरभंगा- नई दिल्ली क्लोन ट्रेन के अलावा, 04651 जयनगर-अमृतसर, 02563/64 सहरसा- नई दिल्ली क्लोन ट्रेन का रोजाना परिचालन हो रहा है। इसके अलावा दरभंगा- अहमदाबाद क्लोन ट्रेन का सप्ताह में तीन दिन परिचालन हो रहा है। क्लोन ट्रेनों में 10 दिन पूर्व का रिजर्वेशन टिकट लिया जा सकता है। इन ट्रेनों में 12 थ्री एसी व 4 स्लीपर बोगी लगाई गई है। जिससे काउंटर खुलने के साथ ही सीट फुल हो रहा है।
सहरसा- नई दिल्ली 02563 क्लोन ट्रेन का समस्तीपुर में स्टॉपेज नहीं दिया गया। इस ट्रेन को दिल्ली जाने वक्त बरौनी से खुलने के बाद सीधा छपरा में रुकती है जबकि दिल्ली से अाते वक्त छपरा के बाद सीधा बरौनी रुकती है। इससे स्थानीय जिससे यात्रियों के बीच नाराजगी है। यात्रियों का कहना था कि समस्तीपुर रेलवे मंडल का मुख्यालय है। यहां से राेजाना सैकड़ों यात्री विभिन्न स्थानों के लिए सफर भी करते हैं। यहां राजधानी समेत सभी ट्रेनों का स्टॉपेज है। ऐसी स्थिति को क्लोन ट्रेनों का भी स्टॉपेज होना चाहिए था।
रांची के लिए शुरू नहीं की गई है ट्रेन
समस्तीपुर स्टेशन हो कर कई महत्वपूर्ण स्टेशनों के लिए भी ट्रेनें नहीं चलाई गई है। इस वजह से भी लोग छठ व दीपावली में घर नहीं आ सकेंगे। माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अब तक कोई ट्रेन नहीं चलाई गई है। मौर्यध्वज व अमरनाथ एक्सप्रेस से यात्री जम्मूतवी की यात्रा करते हैं और वहां से बस द्वारा कटरा जाकर माता रानी का दर्शन करते हैं, लेकिन अब तक इन ट्रेनों का परिचालन शुरू नहीं किया गया है।
किसी भी श्रेणी में खाली नहीं है बर्थ
समस्तीपुर स्टेशन से नई दिल्ली जाने व दिल्ली से लौटने के लिए बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, वैशाली सुपर फास्ट एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस नियमित रूप से चलाई जाती है। इन ट्रेनों में छठ से पूर्व समस्तीपुर आने के लिए टिकट नहीं है।
क्लोन ट्रेन में 12 बोगी है एसी थ्री
18 बोगी की क्लोन ट्रेन में 12 बोगी एसी थ्री की है। मात्र 4 बोगी ही स्लीपर की है। समान्य ट्रेनों की तुलना में क्लोन ट्रेन में समस्तीपुर से दिल्ली के लिए 220 रुपए किराया अधिक देना होता है। सामान्य ट्रेनों में एसी थ्री में समस्तीपुर से दिल्ली के लिए 1435 रुपए लगता है, क्लोन ट्रेन में इस यात्रा के लिए 1655 रुपए लगते हैं।
बस वाले भी दिल्ली के लिए ले रहे दो हजार रुपए किराया
ट्रेनों में भीड़ के कारण दिल्ली के लिए बस सेवा में बढ़ गई है। शुरू में दिल्ली जाने व आने के लिए एक हजार रुपए तक किराया लेते थे लेकिन अब बस संचालक 1800 से दो हजार रुपए तक किराया वसूल रहे हैं। वह भी यात्रियों को 18 से 20 घंटे तक बैठ कर सफर करना पड़ रहा है।