हेलीकाप्टर खराब होने की वजह से तेजस्वी को नालंदा के इस्लामपुर में रुकना पड़ा। वहां से फोन पर आरा की जनसभा को सम्बोधित करते हुए तेजस्वी ने नौजवानों से सत्ता में आते ही 10 लाख नौकरियां देने का वादा दोहराया।
तेजस्वी ने अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर प्रहार भी किए। उन्होंने कहा कि नीतीश जी 15 साल से लगातार बिहार के सीएम हैं। 15 साल में उन्होंने नौजवानों, किसान और बिहार की जनता के लिए कुछ नही किया।
बावजूद पांच साल और मांग रहे हैं। जो सरकार और सीएम 15 साल में कार्य नहीं कर सकी वो अगले पांच साल में क्या करेंगे। नीतीश जी अब तक जनता को धोखा दिया है और फिर सरकार बनाने में सफल हुए तो भी कुछ नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन भ्रष्टाचार, युवाओं को नौकरी, किसानों के खेतों तक पानी व उत्पादित फसल के लिए बाजार और कीमत जैसे मुद्दों पर काम करने और बिहारियों को सम्मान दिलाने के लिए आपसे आपका समर्थन वोट के रूप में मांग रही है।
उन्होंने कहा कि आप किसी भी सरकारी कार्यालय जाते हैं तो आपका वाजिब कार्य भी बिना चढ़ावा दिए नही होता। ऐसी स्थिति से पार पाने और नीतीश की भ्र्ष्टाचारी सरकार के खात्मे के लिए दुर्गापूजा बाद होने वाले मतदान में अपनी एकजुटता दिखाते हुए अपना एक एक बहुमूल्य मत महागठबंधन प्रत्याशियों को देकर जिताएं ताकि आपसे किये गए सभी वादों को पूरा कर नया बिहार का निर्माण कर सकूं।
लखीसराय में बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने चलाई लाठियां
इसके पहले रविवार को लखीसराय में तेजस्वी की सभा में भीड़ बेकाबू हो गई। वहां पुलिस को बेकाबू भीड़ पर लाठियां चलानी पड़ीं। इस दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि बाद में भीड़ के नियंत्रित होने के बाद कार्यक्रम पूरा हो सका। इस सभा में राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला।