2020/10/21

स्कार्पियो से उतर बीच रोड पर कमर हिलाने लगे जदयू विधायक बोले – ई काम ना छोड़ब, नीतीशजी के सब पता बा

SIWAN : बिहार विधानसभा चुनाव की डेट जैसे-जैसे पास आ रही है चुनावी रंग हर जगह देखने से मिल रहा है. नेता जी जनता को लुभाने और वोट मांगने के लिए घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं. इसी क्रम में बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र से जदयू के विधायक श्याम बहादुर सिंह में अलग ही अंदाज में नजर आए.

सड़क किनारे एक स्कार्पियो आकर रुकती है। तभी पीछे एक चुनावी गाना बजने लगता है। स्कार्पियो की अगली सीट से एक सज्जन उतरते हैं और पीछे बज रहे गाने की धुन पर कमर हिलाने लगते हैं। 

अगल-बगल के लोग भी उनको कमर हिलाते देख ताल से ताल मिलाने की कोशिश करते हैं। ये सज्जन कोई और नहीं, इलाके के निवर्तमान जदयू विधायक और फिलहाल पार्टी के प्रत्याशी श्याम बहादुर सिंह हैं। वे अपने नाच-गाने के शौक के लिए खासे मशहूर हैं। कई बार सार्वजनिक जगहों पर भी नाचते हुए उनके वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते रहे हैं।

फिर होता है मजेदार सवाल-जवाब

इसी बीच कमर हिलाने के बाद वापस स्कार्पियो में जा बैठे विधायक श्याम बहादुर सिंह से वीडियो बनाने वाला सवाल करता है - विधायक जी, खूब मस्ती में डांस कर रहे हैं, कोई बात है क्या? वे भोजपुरी में कहते हैं - हम डांस कर तानी...मस्ती में ना...मस्ती माने बहुत कुछ हो जाला...हम डांस कर तानी ख़ुशी में।

फिर पूछा जाता है - आखिर क्या ख़ुशी है? वे कहते हैं - हमरा इतना आशीर्वाद मिलल बा कि लागअता काल्ह काउंटिंग हो जाओ...तब पता चल जाई कि हम काहे हंसी ले...मुस्कराई ले। फिर कहते हैं - हमार पुरान कला ह...नाच के...गा के...लोग के हंसा के...खुश करके...वोट लेवे के आउर चुनाव जीते के। अगला सवाल होता है - डांस करना छोड़ेंगे नहीं? तो कहते हैं - ना...इ छोड़ब कहिया...मर जाईब जहिया।

फिर यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसपर कुछ नहीं बोलते...नाराज नहीं होते? वे कहते हैं - उनका सब पता बा...हम कहां रहते हैं...क्या खाते हैं...कहां सोते हैं...क्यों (कमर) हिलाते हैं।

चर्चा-विवाद से श्याम बहादुर सिंह का है पुराना नाता

सीवान के बड़हरिया विधानसभा से दो बार विधायक रहे श्याम बहादुर अक्सर चर्चा में रहते हैं। उनका विवादों से भी पुराना नाता है। स्टेज पर चढ़कर बार बालाओं के साथ डांस कर चुके हैं तो वहीं अपने ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराबबंदी के निर्णय का विरोध भी कर चुके हैं। 

एक बार वे हाथी पर चढ़कर बिहार विधानसभा पहुंचे थे, जिसकी तस्वीरें देश भर में चर्चा का विषय बनी थीं। बीते महीने ही उन्होंने पांच लोगों पर पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगने और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

अभी नंगे पैर कर रहे हैं चुनाव प्रचार

जदयू के निवर्तमान विधायक श्याम बहादुर फिलहाल नंगे पैर ही अपने लिए चुनाव प्रचार में लगे हैं। इस वीडियो में भी वे नंगे पैर ही दिख रहे हैं। 

इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा है कि एक तांत्रिक ने उन्हें चुनाव जीतने के लिए ऐसा करने की सलाह दी है।

वे अपने इसी देसी अंदाज में बोलने-बतियाने के लिए भी जाने जाते हैं।

बड़हरिया विधानसभा को मुस्लिम बहुल इलाका माना जाता है, लेकिन यहां यादव और ब्राह्मण वोटर भी नतीजे तय करते हैं। श्याम बहादुर सिंह इस सीट से लगातार दो बार से विधायक हैं। 

पिछले चुनाव में उन्होंने तब लोजपा प्रत्याशी बच्चा पांडे को हराया था। इस चुनाव में बच्चा पांडे को ही राजद ने श्याम बहादुर सिंह के खिलाफ टिकट दिया है। इस सीट पर दूसरे चरण में 3 नवंबर को मतदान होना है।

Input-bhasker