2020/10/13

समस्तीपुर में नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद भाई रणधीर गिरफ्तार,पुलिस ने हिरासत में ले लिया

BIHAR-SAMASTIPUR-मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र के लिए राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी (सत्या) के प्रत्याशी भाई रणधीर को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पटोरी अनुमंडल कार्यालय परिसर में ही मोहिउद्दीननगर पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

आरओ सह एसडीओ मो. जफर आलम ने बताया कि भाई रंधीर ने उनके कार्यालय कक्ष में नामांकन का पर्चा दाखिल किया है।

 एएसपी विजय कुमार ने बताया कि भाई रंधीर पूर्व के एक सड़क जाम के मामले में नामजद आरोपित हैं। आईपीसी की धारा के अनुसार उन्हें स्थानीय स्तर पर ही जमानत दी जा सकती है परंतु भाई रंधीर जमानत लेना नहीं चाहते हैं।

इस संबंध में पूछे जाने पर भाई रंधीर ने बताया कि सड़क जाम के जिस मामले में उन्हें आरोपित किया गया है, उसमें क्षेत्र के सैकड़ों पहचान वाले लोग शामिल थे, इसके बावजूद सिर्फ मुझे ही टारगेट किया गया है।

 इतना ही नहीं कई माह पूर्व हुए इस जाम के बाद पुलिस ने मुझे बिना कोई पूर्व जानकारी दिए ही हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि कुछ दलीय प्रत्याशियों के इशारे पर उनके साथ ऐसा किया गया है।

 इससे पूर्व वर्ष 2015 के चुनाव में भी पुलिस ने उन्हें एक सामान्य मामले में नामांकन के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया था परंतु न्यायालय ने उन्हें अगले ही दिन जमानत दे दी थी। भाई रंधीर को पुलिस अपने साथ मोहिउद्दीननगर ले गयी।