2020/10/19

मुख्यमंत्री नीतीश की सभा में वृद्ध ने लगाया चोर है...चोर है... का नारा, पुलिसकर्मी ने गला पकड़कर धकेला

BIHAR-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को औरंगाबाद के रफीगंज में चुनावी सभा में भाषण दे रहे थे। इस दौरान एक वृद्ध ने हंगामा किया। दोनों हाथ में कागज लिए वृद्ध चोर है... चोर है... चिल्लाने लगा। हंगामा देख सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए।

एक पुलिसकर्मी ने वृद्ध को गला पकड़कर धकेल दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी वृद्ध को शांत करने और उसे हंगामा करने से रोकने में लगे रहे। वृद्ध के विरोध प्रदर्शन के चलते वहां कुछ देर तक अफरा-तफरी मची रही। 

हालांकि इस दौरान मुख्यमंत्री का भाषण चलता रहा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह वृद्ध को चुप कराया। नीतीश कुमार ने मंच से कहा कि छोड़ दीजिए। पुलिस के जवान उन्हें तंग न करें, वह कागज देना चाहते हैं तो ले लीजिए।

मुख्यमंत्री की सभा का यह वीडियो महागठबंधन खेमे में वायरल हो रहा है। राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने वीडियो को ट्विटर पर डाला है। उनके कुछ फॉलोवर्स ने लिखा है- किसी की नहीं सुनेंगे, तेजस्वी को चुनेंगे। कई तरह के नारे भी सोशल मीडिया पर गूंजने लगे हैं