बताया जाता है कि गोपलामठ गांव निवासी विशाल कुमार के एक दोस्त का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस बात की जानकारी होने पर युवती के घर के लोग उक्त युवक को खोजने लगे। लेकिन, वह नहीं मिला।
युवक के नहीं मिलने पर युवती के स्वजन युवक के दोस्त विशाल कुमार की तलाश करते हुए गोपलामठ पहुंच गए तथा खेत की तरफ जा रहे विशाल कुमार को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद विशाल का हाथ-पैर रस्सी से बांध कर उसे बाइक में बांधकर कुछ दूर तक घसीटते ले गए।
विशाल का हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे बाइक में बांधकर ले जाने के दौरान युवती के स्वजन उसके दोस्त के बारे में पूछते रहे। मारपीट तथा बाइक से घसीटने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद विशाल को खेत में ही छोड़ कर हमलावर फरार हो गए। पुलिस घायल युवक का बयान दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।