2020/10/11

चुनावी तैयारियों के बीच सीतामढ़ी में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर ताबड़तोड़ फायरिंग,जांच में जुटी पुलिस

BIHAR-SITAMARHI-चुनावी तैयारियों के बीच शहर के पुनौरा थाना क्षेत्र में रविवार सरेशाम बेखौफ अपराधियों ने मध्य विद्यालय के एक प्रधानाध्यापक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई। 

उन्हें चार गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत में उन्हें शहर के ही एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। गौशाला चौक से खैरवा पथ के बीच अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। तब वे स्कूल से लौट रहे थे। जख्मी रघुनाथ प्रसाद यादव खैरवा मीडिल स्कूल के प्रथानाध्यपक हैं। पूर्व की रंजिश में घटना सामने आ रही है। हमलावार की पहचान कर लेने की बात सामने आ रही है।

 हमलावर बाजपट्टी प्रखंड के निमाही गांव की तरफ का बताया गया है। एसपी अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस पूरी घटना की छानबीन में जुटी हुई है। नगर थाना प्रभारी विकास कुमार राय व पुनौरा थाना प्रभारी दिनेश राम को हमलावरों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

 पुलिस के अनुसार, प्रधानाध्यापक का पैतृक घर मेजरगंज थाना क्षेत्र के मालिनिया वार्ड-13 में है। वर्तमान में वे सीतामढ़ी नगर थाना क्षेत्र के चकमहिला में रहते हैं।  स्कूल से लौटने के दौरान गोली मारी गई है।

 एक दाहिनी हाथ में, दूसरी गोली बायीं तरफ सीने में, बायीं तरफ कंधे पर और चौथी गोली गाल में लगी है। स्थानीय किसी व्यक्ति ने उनको तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। 

स्वजन भी तुरंत सूचना पाकर अस्पताल पहुंच गए और वहां से उनको शहर के रिंगबांध स्थित एक निजी क्लिनीक में भर्ती कराया। इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. वरुण कुमार ने बताया कि सभी गोलियां निकाल ली गई हैं। प्रधानशिक्षक की हालत गंभीर बनी हुई है। आईसीयू में भर्ती हैं।