चिराग ने अपने ट्वीट में लिखा- देश के गृह मंत्री अभिभावक आदरणीय @AmitShah जी को जन्मदिन की ढेर सारी बधाई।सर आप को देख कर मेरे जैसे लाखों युवाओं को देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिलती है।ईश्वर आप को हमेशा स्वस्थ रखे और आप का आशीर्वाद बना रहे।'
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान की लोजपा एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ रही है। यही नहीं लोजपा ने कुछ सीटों पर भाजपा के खिलाफ भी उम्मीदवार खड़े किए हैं।
इसके बावजूद चिराग पासवान कहते हैं कि चुनाव के बाद लोजपा और भाजपा मिलकर सरकार बनाएंगी। चिराग लगातार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमले कर रहे हैं।
कल लोजपा का विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब दोबारा बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। उधर, पिछले दिनों गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि लोजपा के ज्यादा सीटें मांगने के चलते उनका समझौता नहीं हो पाया।
भाजपा नेता चुनाव में लगातार यह साफ करने की कोशिश कर रहे हैं कि लोजपा और भाजपा का कोई अंदरुनी समझौता नहीं है और चुनाव जीतने के बाद नीतीश कुमार ही प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। अमित शाह ने अपने इंटरव्यू में यहां तक कहा था कि यदि चुनाव में भाजपा को लोजपा से ज्यादा सीटें आती हैं तब भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बनेंगे।