2020/10/24

बिहार-जदयू विधायक के काफिले पर हमला, गाड़ियां क्षतिग्रस्त, कई लोग जख्मी

DESK-NALANDA- तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के शिवशंकरपुर गांव में जदयू प्रत्याशी चन्द्रसेन प्रसाद के काफिले पर ग्रामीणों ने शुक्रवार की दोपहर रोड़ेबाजी कर दी। इससे प्रचार गाड़ी का कांच चकनाचूर हो गया।

 प्रत्याशी के साथ रहे कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई भी की गई। साउंड सिस्टम को भी तोड़ दिया गया। विधायक चंद्रसेन काफिले में सबसे अगले वाहन पर बैठे थे। ग्रामीणों ने उनके पीछे की गाड़ियों पर रोड़ेबाजी की।

 बता दें कि ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का फैसला कर रखा है। गांव के मुहाने पर इस मामले को लेकर पिछले कई दिनों से वोट बहिष्कार का बैनर भी लगा रखा है। इसी बीच जैसे ही जद यू प्रत्याशी विधायक चंद्रसेन गांव पहुंचे कि लोग उनके खिलाफ नारे लगाने लगे। 

लोगों की नाराजगी देख प्रत्याशी आगे बढ़ गए परन्तु भीड़ ने उनके काफिले में पीछे रहे वाहनों पर हमला कर दिया। विधायक पर हमले की सूचना पाकर तेल्हाड़ा पुलिस शिवशंकरपुर पहुंच गई है। अभी इस मामले में किसी ओर से कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है। 

थानाध्यक्ष ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर ही कोई कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। शिवशंकरपुर के लोग विरोधियों के बहकावे में आ गए हैं।