2020/10/31

समस्तीपुर में ट्रैक्टर ड्राइवर को गोली मारकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस

BIHAR-SAMASTIPUR- बिथान थाना क्षेत्र के सुखासन ढाला के समीप वॉटर वेज बांध पर देर रात्रि अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। 

हत्या के बाद लाश को घसीट कर बांध के बगल में स्थित बगीचे में फेंक दिया। सुबह शौच करने गए लोगों ने शव को देखा। ग्रामीणों द्वारा हत्या की जानकारी बिथान थाना को दी गई। 

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सलहा चंदन गांव के लखन मुखिया के 27 वर्षीय पुत्र कुंदन मुखिया के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार अपराधियों ने कुंदन मुखिया को सिर में गोली मारी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। कुंदन ट्रैक्टर का चालक बताया गया है।

 इस घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया गया है। वहीं हत्या के कारणों एवं अपराधियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।