रोसड़ा- विधानसभा चुनाव को ले जारी नामांकन प्रक्रिया के तहत सोमवार को हसनपुर के निवर्तमान जदयू विधायक राजकुमार राय ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर जयचंद्र यादव के समक्ष दो सेट में नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के पश्चात बाहर निकलते ही समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की।
फूल माला से लादकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज कुमार राय जिदाबाद के नारे लगाए। दिन के करीब 12 बजे सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे राजकुमार राय केवल दो आदमी के साथ नामनिर्देशन कक्ष में गए। वहीं दूसरी ओर 139. रोसड़ा विधानसभा से आज तक एक भी नामांकन दर्ज नहीं कराया गया है।
निर्धारित समय तक रोसड़ा के निर्वाची पदाधिकारी एसडीओ ब्रजेश कुमार तथा सहायक निर्वाचन पदाधिकारी नपं के कार्यपालक पदाधिकारी जय चंद्र अकेला नाम निर्देशन कक्ष में सहकर्मियों के साथ तैनात रहे। दिन के 11 बजे से 3 बजे तक चले नामांकन प्रक्रिया के बीच परिसर में पूर्ण चाक-चौबंद व्यवस्था बनी थी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शहरियार अख्तर, इंस्पेक्टर जयकांत साहू एवं कार्यपालक दंडाधिकारी अमरनाथ गुप्ता दल बल के साथ परिसर में शांति व विधि व्यवस्था कायम रखने को ले लगातार सक्रिय दिखे।
विभूतिपुर से चार प्रत्याशियों ने किया नामांकन-विभूतिपुर विधानसभा क्षेत्र से लिए जदयू प्रत्याशी रामबालक सिंह सहित चार प्रत्याशियों ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। सैकड़ो समर्थकों के साथ पहुंचे जदयू विधायक तीसरी बार चुनाव मैदान में उतरे हैं।
वही उनके साथ विभूतिपुर विधानसभा से ही निर्दलीय उम्मीदवार रामदेव वर्मा की पत्नी पूर्व विधायक मंजू प्रकाश वर्मा, अमरजीत ठाकुर और विश्वनाथ चौधरी ने भी नामांकन का पर्चा भरा। निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर आदित्य कुमार पीयूष के कार्यालय कक्ष में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
वही उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र से सोमवार को एक भी उम्मीदवार ने नामांकन दर्ज नही किया। हालांकि संभावित तीन उम्मीदवारों ने नाजिर रसीद कटाया है।
सोमवार को विधानसभा चुनाव के द्वितीय चरण के नामांकन के दौरान न तो प्रत्याशियों में कोरोना का डर दिखा और न ही समर्थकों में।
इतना ही नही अनुमंडल मुख्यालय के नामांकन स्थल पर प्रशासन के द्वारा बेरिकेडिग किए जाने और धारा 144 के बावजूद अधिकांश उम्मीदवार के समर्थक बेरिकेडिग के अंदर घुसककर निर्वाचन कार्यालय के कक्ष तक पहुंच गए।
हालांकि दंडाधिकारी चंदन कुमार के अथक प्रयास से समर्थकों को हटाया गया। इसके लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से बार-बार उद्घाोषाणा की जाती रही।
Input-jagran