2020/10/22

समस्तीपुर में देवेन्द्र फडणवीस बोले- बिहार के लोगों का पीएम और सीएम पर है भरोसा, वे जो कहते हैं, वह करते हैं

BIHAR-SAMASTIPUR-बिहार के लोगों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पूरा भरोसा है। पीएम जो कहते हैं, वह करते हैं। पिछले चुनाव में प्रधानमंत्री ने जो भी वादा किया, उसे पूरा करने का काम किया है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री की जहां भी सभा होती है, बड़ी संख्या में लोग उनको सुनने के लिए पहुंचते हैं। 

कोरोना के कारण प्रधानमंत्री मात्र 25000 लोगों की उपस्थिति में सभा को संबोधित करेंगे। लेकिन हम ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पीएम की उपस्थिति को पहुंचाएंगे। 

इसकी तैयारी कार्यकर्ता करें। उक्त बातें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी देवेन्द्र फडणवीस ने कही। वे गुरुवार को हरपुर एलौथ स्थित एक विवाह भवन में समस्तीपुर, खगडिय़ा एवं बेगूसराय जिले के एनडीए के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 1 नवंबर को जितवारपुर के हाउसिंग बोर्ड मैदान में होने वाली रैली की तैयारी को लेकर वे पहुंचे थे।

 उन्होंने कहा कि अब तक का उनका जो अनुभव है, उसमें हमने पाया है कि जहां भी चुनाव के अंतिम समय में पीएम की सभा हुई है, वहां पांच से दस प्रतिशत वोट पार्टी का बढा है। पीएम की बातों का बहुत बड़ा प्रभाव लोगों पर पड़ता है। 

उन्होंने इस रैली को सफल बनाने में सभी कार्यकर्ताओं को हर तरह से जुटने का आह्वान किया। इसके पूर्व जदयू के राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री  विनोद सोनकर आदि ने भी संबोधित किया।