2020/10/23

कोसी स्नातक क्षेत्र के चुनाव में 53 फीसद मतदान,मतदाता गर्मी व धूप से परेशान दिखे

BIHAR-भागलपुर-कोसी स्नातक क्षेत्र के चुनाव में भागलपुर में 53 फीसद मतदान हुआ। गुरुवार को सुबह आठ बजे से जिले के 27 मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हुआ। नगर निगम क्षेत्र में टाउन हॉल और जिला कृषि कार्यालय में मतदान केंद्र बनाए गए थे। 

शुरुआत में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ काफी कम थी, लेकिन जैसे-जैसे धूप खिलती गई, मतदाताओं की भीड़ बढ़ती गई। दिन के दस बजे तक मात्र पांच फीसद ही मतदान हो पाया था। 12 बजे तक इसकी संख्या बढ़कर 16 फीसद तक हो गई। दोपहर दो बजे तक 33 फीसद और शाम चार बजे तक 42 फीसद तक मतदान हुआ।

नगर निगम क्षेत्र के दोनों मतदान केंद्रों पर दोपहर 12.30 बजे तक मतदाताओं की लंबी लाइन देखी गई। लाइन में खड़े मतदाता गर्मी व धूप से परेशान दिखे। जिला कृषि कार्यालय मतदान केंद्र पर एक व्यक्ति अचानक लाइन में आगे खड़े हो गए। इसके बाद पीछे खड़े लोग हो-हल्ला मचाने लगे।


 15 मिनट तक हंगामा होता रहा। मजिस्ट्रेट के समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए। काफी स्लो मतदान हो रहा था। दोपहर 12.30 बजे तक मतदान केंद्र संख्या 107ख पर 1050 मतदाताओं में से मात्र 147 पुरुष व 64 महिलाएं ही वोट डाल सकी थी। 107क मतदान केंद्र पर 1049 मतदाताओं में से 300 मतदाताओं ने वोट डाले थे। 

107 पर 1448 में 157 मतदाताओं ने वोट डाले थे। टाउन हॉल के मतदान केंद्र संख्या 106क पर 834 मतदाता में से 123 मतदाताओं ने दोपहर 12 बजे तक मत डाले थे। दोनों ही मतदान केंद्रों पर मतदाता के लाइन में खड़े रहने के कारण शाम पांच बजे के बाद भी मतदान हुआ। 

105क मतदान केंद्र पर भी पांच बजे के बाद मतदान हुआ। मतादन में 10251 लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें 7953 पुरुष व 2298 महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।

कहीं लस्सी तो कहीं ठंडा पानी की व्यवस्था

विधान परिषद के चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की ओर से नास्ता, लस्सी व ठंडा पानी की व्यवस्था की गई थी, जबकि राजद प्रत्याशी नितेश यादव के द्वारा ठंडा पानी की व्यवस्था की गई थी। निर्दलीय प्रत्याशी की ओर से भी पानी की व्यवस्था की गई थी। 


भाजपा के शिविर में नास्ता का पैकेट और लस्सी के लिए काफी भीड़ लगी रही। जिला कृषि कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर राजद प्रत्याशी नितेश यादव व भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की पत्‍‌नी मौजूद थी।