2020/10/22

समस्तीपुर में युवक समेत तीन डूबे, 2 की मौत एक लापता की खोज जारी

BIHAR-SAMASTIPUR-जिले के रोसड़ा व अंगारघाट में डूबने से ईंट भट्ठा के मजदूर व युवक मौत हो गयी जबकि कल्याणपुर में नदी में स्नान करने गयी किशोरी डूबने के बाद लापता हो गयी। मजदूर व युवक की लाश जहां पानी से निकाल ली गयी है वहीं किशोरी की खोज की जा रही है।

रोसड़ा थाना क्षेत्र के भूनहा स्थित ईंट-भट्ठा चिमनी के गड्ढे में डूबने से एक मजदूर की मौत हो गयी। यह घटना उस समय हुई जब मजूदर चचरी नाव के सहारे चिमनी से ईंट ढुलाई कर रहा था। उसकी पहचान रहुआ के मो. मुलतान के पुत्र नूर मोहम्मद (45) के रूप में की गयी है।

 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उक्त ईंट-भट्ठा चिमनी में भारी मात्रा में जलजमाव है, ऐसे में वहां मजदूर जुगाड़ चचरी नाव (ट्यूब में हवा भरकर उसके ऊपर बांस की चचरी) के जरिये ईंट ढुलायी करते हैं। मजूदर चिमनी से ईंट लाकर एसएच-55 के किनारे इकट्ठा करते हैं। इसी कार्य में नूर मोहम्मद भी लगा हुआ था। 

बुधवार सुबह नाव पर ईंट लोड किये जाने के दौरान ईंट का ठेक भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ा। ईंट के दबाब से नूर नाव समेत पानी में डूब गया। आसपास काम में लगे मजदूर जब तक कुछ समझ पाते तब तक वह गहरे पानी में जा चुका था।

 हालांकि चिमनी परिसर में मौजूद मजदूरों ने फौरन पानी में छलांग दी। वहीं शोर-शराबे पर अन्य लोग भी जुट गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद नूर को पानी से निकाला गया, पर वह तब तक दम तोड़ चुका था। परिजन भी दौड़े-भागे घटनास्थल पहुंचे।

शव को देखते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। इस बीच लोगों के बीच आक्रोश पनपे की भी सुगबुगाहट होने लगी। पर घटनास्थल पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत करा लिया। दूसरी ओर उजियारपुर प्रखंड के अंगारघाट स्थित बूढ़ी गंडक में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। 

उसकी पहचान गांव के ही नूनफारा निवासी राधे महतो के पुत्र राहुल कुमार (18) के रूप में की गई है। बताया गया है कि यह हादसा बुधवार अपराह्न 12 बजे हुआ।

 राहुल तीन दोस्तों के साथ नदी में स्नान कर रहा था। उसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए दोस्तों ने काफी मशक्कत की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद गोताखोरों की मदद से शव निकाला जा सका।